ठाणे, 30 जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले की भिवंडी पुलिस ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में एक फरार आरोपी की पत्नी को बिहार से गिरफ्तार किया है, जिससे मामले में अब तक गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला को ट्रांजिट रिमांड पर भिवंडी लाया गया और मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां महिला को छह जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
महाराष्ट्र में रविवार को होने वाली परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को टीईटी का प्रश्नपत्र लीक होने का पता चला था, जिसके बाद प्राधिकारियों को परीक्षा स्थगित करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने भिवंडी से तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
मामले की पड़ताल के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। प्राथमिक जांच से इसमें किसी अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने के संकेत मिले हैं। पुलिस के अनुसार, प्रश्नपत्र कहीं और छपे थे और उन्हें ले जाते समय रास्ते में ही लीक कर दिया गया था।
इस संबंध में कोंगांव पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 और महाराष्ट्र विश्वविद्यालय, बोर्ड और अन्य निर्दिष्ट परीक्षा कदाचार रोकथाम अधिनियम, 1982 के तहत एक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश