ठाणे, 28 जून (भाषा) कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली में सुधार करने और प्रश्नपत्र लीक के मुद्दों के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ अपने देशव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत महाराष्ट्र के ठाणे शहर में प्रदर्शन किया।
पार्टी की शहर इकाई के प्रमुख राहुल पिंगले के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने देशभर के चिकित्सा महाविद्यालयों के स्नातक पाठ्यक्रम में दाखिला लेने हेतु अनिवार्य राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की।
संवाददाताओं से बातचीत में पिंगले ने कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षाओं में देरी और परीक्षा माफिया के सक्रिय होने से लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है और वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
ठाणे में पूर्व में हुए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) प्रश्नपत्र लीक का हवाला देते हुए पार्टी ने उच्च स्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में पूरी तरह से सुधार की मांग की।
कांग्रेस के अनुसार, देश के युवाओं के लिए न्याय की मांग को लेकर यह अभियान 30 जून से 28 शहरों में और तेज होगा, जिसके तहत कॉलेजों में संपर्क कार्यक्रम, जिलाधिकारी कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन और एक विशाल ‘दिल्ली चलो’ रैली आयोजित की जाएगी।
भाषा सुमित नरेश
नरेश