रुपया शुरुआती कारोबार में 33 पैसे टूटकर 94.29 प्रति डॉलर के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर

Ads

रुपया शुरुआती कारोबार में 33 पैसे टूटकर 94.29 प्रति डॉलर के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 11:27 AM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 11:27 AM IST

मुंबई, 27 मार्च (भाषा) रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 33 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.29 के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया संकट का कोई समाधान न निकलने के बीच डॉलर की मजबूती से स्थानीय मुद्रा पर दबाव बना है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निरंतर निकासी ने स्थानीय इकाई पर दबाव और बढ़ा दिया है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 94.18 पर खुला और फिर फिसलकर 94.29 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 33 पैसे की गिरावट दर्शाता है।

इससे पहले, बुधवार को रुपया 20 पैसे की गिरावट के साथ 93.96 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। रामनवमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को शेयर, विदेशी मुद्रा, जिंस और सर्राफा बाजार बंद रहे थे।

छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.67 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव वायदा कारोबार में 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.1 डॉलर प्रति बैरल रहा।

घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 926.92 अंक गिरकर 74,346.53 अंक पर, जबकि निफ्टी 280.95 अंक की गिरावट के साथ 23,025.50 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,805.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा सुमित सिम्मी

सिम्मी