मुंबई, 28 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु के एक महीने होने पर उनकी चचेरी बहन और राकांपा (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को कहा कि उनके निधन से जो खालीपन पैदा हुआ है, वह ‘‘कभी भरा नहीं जा सकता।’’
सुले ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक भावुक संदेश पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘यह मानना अब भी मुश्किल है कि हमारे अजित दादा अब हमारे बीच नहीं हैं। उनके जाने से जो खालीपन आया है, वह कभी नहीं भरेगा। दादा, आप हमेशा हमारी यादों में रहेंगे। आपके साथ बिताए खुशी के पल जीवन भर हमारे साथ रहेंगे। आप हमें हमेशा याद आएंगे दादा।’’
पुणे जिले में 28 जनवरी को हुए विमान हादसे में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मृत्यु हो गई थी।
अजित पवार की मृत्यु के बाद, उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख के रूप में उनका स्थान लिया।
भाषा तान्या सुरभि
सुरभि