भाजपा में जाने के इच्छुकों को मंदिर चढ़ावा चोरी, नीट प्रश्नपत्र लीक मामलों पर जवाब देना होगा: आदित्य

Ads

भाजपा में जाने के इच्छुकों को मंदिर चढ़ावा चोरी, नीट प्रश्नपत्र लीक मामलों पर जवाब देना होगा: आदित्य

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 04:51 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 04:51 PM IST

मुंबई, नौ जुलाई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे ने बृहस्पतिवार को भाजपा में अपना राजनीतिक भविष्य देख रहे नेताओं से सवाल किया कि क्या वे ऐसे दल के साथ जाना चाहते हैं, जिस पर राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक के आरोप लगे हैं।

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का विरोध करती रहेगी।

उन्होंने विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ‘जो लोग भाजपा में शामिल होने की योजना बना रहे हैं या सोच रहे हैं, उन्हें जवाब देना चाहिए कि क्या वे राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपियों के साथ हाथ मिला रहे हैं। नीट पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। जो लोग भाजपा के साथ जाना चाहते हैं, क्या वे नीट पेपर लीक और विपक्ष की आवाज दबाए जाने से सहमत हैं?’

मुंबई के वर्ली से विधायक आदित्य ठाकरे विपक्षी नेताओं के भाजपा में शामिल होने और बुधवार को राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार तथा शिवसेना प्रमुख व उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मुलाकात को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। राकांपा (शप) शिवसेना (उबाठा) की सहयोगी है, जबकि शिंदे की पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा है।

ठाकरे ने कहा, ‘हम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी करने वालों, नीट प्रश्नपत्र लीक के जिम्मेदार लोगों और लोकतांत्रिक आवाज को दबाने वालों के खिलाफ हैं। हम भाजपा के खिलाफ हैं।’

भाषा जोहेब माधव

माधव