जौहरी से पैसे मांगने के आरोप में मुंबई रेलवे पुलिस के तीन कर्मी सेवा से बर्खास्त

जौहरी से पैसे मांगने के आरोप में मुंबई रेलवे पुलिस के तीन कर्मी सेवा से बर्खास्त

जौहरी से पैसे मांगने के आरोप में मुंबई रेलवे पुलिस के तीन कर्मी सेवा से बर्खास्त
Modified Date: April 3, 2026 / 08:36 pm IST
Published Date: April 3, 2026 8:36 pm IST

मुंबई, तीन अप्रैल (भाषा) मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर राजस्थान के एक जौहरी से पैसे मांगने के आरोप में रेलवे पुलिस के तीन कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बर्खास्त किए गए कर्मियों की पहचान सहायक उपनिरीक्षक ललित जगताप तथा कांस्टेबल राहुल भोसले एवं अनिल राठौड़ के रूप में की।

ये सभी मुंबई सेंट्रल रेलवे थाने में तैनात थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछले साल 10 अगस्त को दुरंतो एक्सप्रेस में चढ़ने वाले जौहरी के सामान की तलाशी ली गई। उन्हें सोना और नकदी मिली, जिसके बाद जौहरी को एक अलग कमरे में ले जाया गया और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी गई। पुलिस ने 1900 रुपये और सोने का एक टुकड़ा लेकर उसे छोड़ दिया।’’

अधिकारी ने कहा कि कर्मचारियों ने यात्रियों के बैग की जांच के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन नहीं किया और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने में विफल रहे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘रेलवे पुलिस आयुक्त ने जगताप, भोसले और राठौड़ को बर्खास्त करने का आदेश दिया, क्योंकि उनका आचरण अनुशासनहीन और गैरजिम्मेदाराना था तथा इससे बल की छवि धूमिल हुई।’’

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में