फर्जी पीएमओ पहचान पत्र, हथियार के साथ मुंबई के मॉल में घुसे दो आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए

Ads

फर्जी पीएमओ पहचान पत्र, हथियार के साथ मुंबई के मॉल में घुसे दो आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 03:16 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 03:16 PM IST

मुंबई, 11 सितंबर (भाषा) मुंबई की एक अदालत ने शुक्रवार को उन दो लोगों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जिन्हें कथित तौर पर हथियार और प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का फर्जी पहचान पत्र लेकर शहर के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (कीकेसी) स्थित एक लग्जरी शॉपिंग मॉल में जबरन प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

आरोपियों रोहन पारिख (24) और दिलीप कुंडे (49) को पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया।

पुलिस ने दोनों की हिरासत अवधि बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि आरोपियों ने जो दस्तावेज तैयार किए थे, वे एआई की मदद से बनाए गए थे। पुलिस यह भी जांच करना चाहती है कि आरोपियों ने इन दस्तावेजों का कहीं और इस्तेमाल तो नहीं किया ?

दोनों आरोपियों की ओर से पेश वकील सतीश मानेशिंदे ने दलील दी कि आरोपियों ने दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार कर ली है और इसमें किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका नहीं थी, इसलिए आगे पुलिस हिरासत की जरूरत नहीं है।

यह घटना सात सितंबर को बीकेसी स्थित जियो वर्ल्ड प्लाजा मॉल में हुई थी। इसके एक दिन बाद पास स्थित नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र के ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ 2026 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम निर्धारित था।

पुलिस के अनुसार, पारिख को फर्जी पीएमओ कार्ड के साथ पकड़ा गया था। उसके साथ मौजूद कुंडे के पास कथित तौर पर हथियार मिला था, जिसके बाद उनके और मॉल के सुरक्षा कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ।

विवाद के दौरान पारिख ने कथित तौर पर खुद को पीएमओ का अधिकारी बताया।

पुलिस ने बाद में स्पष्ट किया कि यह घटना अगले दिन होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी हुई नहीं थी।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पारिख ने दावा किया कि वह अपने परिवार को यह विश्वास दिलाना चाहता था कि वह पीएमओ के लिए काम करता है।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा