मुंबई, 26 मई (भाषा) मुंबई पुलिस ने फिल्मकार जोया अख्तर और रीमा कागती के यहां स्थित प्रोडक्शन हाउस से फिल्मों और वेब सीरीज से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा वाले 66 हार्ड डिस्क चोरी करने के आरोप में एक ऑफिस बॉय समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह चोरी सोमवार को तब सामने आई, जब ‘टाइगर बेबी डिजिटल एलएलपी’ की कार्यकारी सहायक महजबीन शेख ने बांद्रा पुलिस थाने में हार्ड डिस्क गायब होने की एक शिकायत दर्ज करायी।
पुलिस के अनुसार चोरी हुए 66 हार्ड डिस्क में बिना रीलीज हुई विभिन्न फिल्म और वेब सीरीज परियोजनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण डिजिटल डेटा था, जिसमें रॉ फुटेज, विज्ञापन सामग्री, पोस्ट-प्रोडक्शन बैकअप और अभिलेख शामिल थे।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने सांताक्रूज के वकोला निवासी और ऑफिस बॉय मोहम्मद शाहिद अजीम खान (28) पर ध्यान केंद्रित किया, जिसने 44 साल पुरानी स्टेशनरी की दुकान के कर्मचारी रितेश सुरेश शाह को स्टोरेज उपकरण बेचे थे।
अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि खान ने पिछले पांच महीनों में व्यवस्थित तरीके से 24 हार्ड डिस्क चोरी किए और प्रत्येक उपकरण को 15,000 से 20,000 रुपये में शाह को बेचा।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में प्रोडक्शन कंपनी के कार्यालय से 100 से अधिक हार्ड डिस्क गायब हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 (कर्मचारी द्वारा चोरी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की अन्य संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने दोनों को 29 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
भाषा अमित रंजन
रंजन