ठाणे जिले में पांच लोगों की हत्या करने के बाद 29 साल से फरार आरोपी दो भाई उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

ठाणे जिले में पांच लोगों की हत्या करने के बाद 29 साल से फरार आरोपी दो भाई उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

ठाणे जिले में पांच लोगों की हत्या करने के बाद 29 साल से फरार आरोपी दो भाई उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार
Modified Date: October 9, 2023 / 06:27 pm IST
Published Date: October 9, 2023 6:27 pm IST

ठाणे, नौ अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला और उसके चार बच्चों की हत्या करने के बाद 29 साल से फरार चल रहे दो भाइयों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) अविनाश अंबुरे ने बताया कि एमबीवीवी पुलिस की एक टीम ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के किराकत इलाके से अनिल उर्फ विजय रामअवध सरोज (48) और उसके भाई सुनील उर्फ संजय (47) को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1994 में ठाणे जिले के काशीमीरा इलाके में जगरानीदेवी (27) और उसके चार बच्चों की हत्या करने के बाद दोनों भाई भाग गए थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने जिन बच्चों की हत्या की थी, उसमें सबसे छोटे बच्चा तीन महीने का था।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दिसंबर 2022 में मामले के संबंध में एक आरोपी को पकड़ा था जबकि दोनों भाई फरार थे। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सरोज बंधु उत्तर प्रदेश के गांवों में झाड़-फूंक करने वाले बनकर घूम रहे हैं।

अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा के अधिकारियों ने एक योजना बनाई। उन्होंने बताया कि योजना के तहत कुछ पुलिस कर्मियों ने बीमार होने का नाटक कर किराकत के एक मंदिर में डेरा डाले हुए दोनों भाइयों से मुलाकात की और शनिवार को उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों भाईयों ने खुलासा किया कि वे अलग-अलग पहचान के साथ दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में रहे और कई कारखानों में काम किया। उन्होंने बताया कि दोनों ने नए नाम के साथ आधार और पैन कार्ड भी बनवाए हुए थे।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में