पालघर, 23 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में दो लोगों ने 39 वर्षीय महिला से उसके कीमती सामान को सुरक्षित रखने के नाम पर कथित तौर पर 17 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
महिला का पति इस समय मुंबई में दर्ज एक मामले में पड़ोसी नवी मुंबई की तलोजा जेल में बंद है। पालघर के विरार की रहने वाली महिला से उसके दो परिचितों ने मदद के बहाने संपर्क किया था।
पड़ोसी ठाणे जिले के मीरा रोड के रहने वाले आरोपियों ने कथित तौर पर महिला को यह कहकर डराया था कि उसके घर पर पुलिस की छापेमारी होने वाली है।
विरार थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उसके कीमती सामान को सुरक्षित रखने के नाम पर उन्होंने पिछले एक महीने में उसके सोने के गहने, दो मोबाइल फोन और एक कार लूट ली। इन वस्तुओं की कुल कीमत 17.03 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने महिला के एटीएम कार्ड भी छीन लिए।
अधिकारी ने बताया कि उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार को दोनों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया और उनकी तलाश जारी है।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन