भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के दो मार्गों को यातायात के लिए खोला गया

भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के दो मार्गों को यातायात के लिए खोला गया

भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के दो मार्गों को यातायात के लिए खोला गया
Modified Date: July 24, 2023 / 12:37 pm IST
Published Date: July 24, 2023 12:37 pm IST

मुंबई, 24 जुलाई (भाषा) भूस्खलन के कारण बाधित मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर पुणे से दो मार्गों को वाहनों के लिए खोले जाने के बाद महाराष्ट्र की राजधानी की ओर जाने वाला यातायात सोमवार तड़के फिर से बहाल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

राजमार्ग पुलिस ने बताया कि उन्होंने पहाड़ों से गिरे मलबे और पत्थरों को हटाने के लिए सोमवार को दोपहर 12 बजे से दो बजे तक दो घंटे पुणे से मुंबई के लिए यातायात को बंद रखने का फैसला किया है।

एक अधिकारी ने कहा कि एक अन्य घटना में पुणे जिले में खंडाला के पास सोमवार को देर रात करीब डेढ़ बजे भूस्खलन हुआ, जिसके चलते उर्से और तालेगांव के बीच यातायात बाधित हो गया। मलबा हटाए जाने के बाद मार्ग को सुबह यातायात के लिए खोल दिया गया।

अधिकारी ने कहा कि रायगढ़ जिले में अदोशी गांव के निकट मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे भूस्खलन हुआ था जिससे देश की वित्तीय राजधानी की ओर जाने वाले तीन मार्ग बाधित हो गए थे।

उन्होंने कहा कि बोरघाट राजमार्ग पुलिस और रायगढ़ के पुलिस कर्मी घटनास्थल पहुंचे और डंपर एवं मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया।

अधिकारी ने कहा कि सोमवार देर रात करीब ढाई बजे पुणे से मुंबई की ओर जाने वाले दो मार्गों को यातायात के लिए खोल दिया गया। उन्होंने कहा कि भूस्खलन की आशंका के चलते पर्वतीय क्षेत्र से सटा तीसरा मार्ग अब भी नहीं खोला गया है।

राजमार्ग पुलिस ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र में मलबा और पत्थर गिरने की आशंका है जिसके मद्देनजर सोमवार को एक्सप्रेसवे पर पुणे से मुंबई के लिए यातायात दोपहर 12 बजे से दिन में दो बजे तक बंद करने का फैसला किया गया है।

राजमार्ग पुलिस ने एक ट्वीट में कहा कि शिंग्रोबा घाट के निकट पुराना पुणे-मुंबई राजमार्ग कारों की आवाजाही के लिए खुला रहेगा।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में