दिल्ली एक्सप्रेसवे का वडोदरा-मुंबई खंड 31 अगस्त तक यातायात के लिए खुलने की उम्मीद : फडणवीस

Ads

दिल्ली एक्सप्रेसवे का वडोदरा-मुंबई खंड 31 अगस्त तक यातायात के लिए खुलने की उम्मीद : फडणवीस

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 08:49 PM IST

मुंबई, 28 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का वडोदरा-मुंबई खंड इस साल 31 अगस्त तक चालू हो जाने की उम्मीद है, जिससे मुंबई-वडोदरा के बीच यात्रा का समय लगभग आठ घंटे से घटकर चार घंटे रह जाएगा।

भारत की सबसे बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना में से एक, 1,400 किलोमीटर लंबा और आठ-लेन वाला मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे केंद्र सरकार द्वारा लगभग एक लाख करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। यह हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों को जोड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा को बहुत सुगम बना देगा और प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा।

निरीक्षण के दौरान, फडणवीस ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्माण की उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए काम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

फडणवीस ने कहा कि इस परियोजना का एक बड़ा फायदा जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (जेएनपीए) से इसका सीधा जुड़ाव है। इससे उत्तर भारत से जेएनपीए तक सामान तेजी से, बेहतर ढंग से और कम लागत में पहुंचाने में मदद मिलेगी।

वडोदरा-मुंबई गलियारे का महाराष्ट्र वाला हिस्सा लगभग 157 किलोमीटर लंबा है और इसे करीब 24,000 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। इसे सात निर्माण हिस्सो में बांटा गया है। पांच हिस्सों का काम पूरा हो चुका है और वे यातायात के लिए तैयार हैं, जबकि बाकी दो हिस्से अगस्त 2026 तक पूरे होने की उम्मीद है।

फडणवीस ने कहा कि पूरे महाराष्ट्र वाले हिस्से को 31 अगस्त 2026 तक यातायात के लिए खोलने की योजना है।

भाषा शफीक नरेश

नरेश