दिग्गज रंगमंच निर्देशक विजया मेहता का 92 वर्ष की उम्र में निधन

Ads

दिग्गज रंगमंच निर्देशक विजया मेहता का 92 वर्ष की उम्र में निधन

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 12:55 AM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 12:55 AM IST

मुंबई, 30 जून (भाषा) भारतीय रंगमंच की दिग्गज निर्देशक और अभिनेत्री विजया मेहता का मंगलवार रात उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। मराठी रंगमंच को नई दिशा देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।

जाने-माने अभिनेता विजय केंकरे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ‘बाई’ के नाम से जानी जाने वाली मेहता का दक्षिण मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया।

केंकरे ने कहा, ‘उनका निधन रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुआ। मुझे उनकी बेटी के जरिये उनके निधन की जानकारी मिली। यह मेरी व्यक्तिगत क्षति है। वह मेरी गुरु रही हैं।’ केंकरे ने इस दिग्गज फिल्म निर्माता के 90 के दशक के टीवी धारावाहिक ‘लाइफलाइन’ में मुख्य सहायक के रूप में काम किया था और कई अन्य परियोजनाओं पर भी उनके साथ करीबी से जुड़े रहे थे।

एक फिल्म निर्माता के रूप में, उन्होंने ‘राव साहब’ (1986) और ‘पेस्टनजी’ (1988) जैसी हिंदी भाषा की स्वतंत्र (इंडी) फिल्मों का निर्देशन किया, और इन दोनों ही फिल्मों को काफी सराहना मिली।

केंकरे ने कहा, ‘वह बेहतरीन निर्देशकों में से एक थीं, वह हर काम को बेहद बारीकी से करने वाली इंसान थीं। वह सचमुच महान थीं।’

अभिनय के क्षेत्र में विजया मेहता ने गोविंद निहलानी की 1984 की फिल्म ‘पार्टी’ में भी काम किया था।

उनके परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश

शीर्ष 5 समाचार