पुणे पुलिस के एक कर्मी की ‘नाकाबंदी’ के दौरान मालिश कराने का वीडियो सार्वजनिक

पुणे पुलिस के एक कर्मी की ‘नाकाबंदी’ के दौरान मालिश कराने का वीडियो सार्वजनिक

पुणे पुलिस के एक कर्मी की ‘नाकाबंदी’ के दौरान मालिश कराने का वीडियो सार्वजनिक
Modified Date: June 2, 2024 / 10:57 pm IST
Published Date: June 2, 2024 10:57 pm IST

पुणे, दो जून (भाषा) पुणे में यातायात पुलिस द्वारा अज्ञात व्यक्ति से पैरों की मालिश कराने का एक वीडियो वायरल हुआ है। हालांकि, एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि चिकित्सा कारणों से ऐसा किया गया।

वीडियो में यातायात पुलिसकर्मी को कुर्सी पर बैठे देखा जा सकता है और युवक उसके पैर की मालिश कर रहा है।

सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने वालों ने कहा कि यह कल्याणी नगर में ‘नाकाबंदी’ (पुलिस जांच) का है जहां 19 मई को पोर्श कार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी जिसमें कथित रूप से नशे में धुत नाबालिग चालक शामिल था।

इस दुर्घटना में दो आईटी पेशेवरों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी को कथित तौर पर जिस तरह से बचाने की कोशिश की गई, उसे लेकर देशभर में आक्रोश फैल गया। नाबालिग आरोपी के शराब सेवन का पता लगाने के लिए लिए गए उसके रक्त के नमूनों को भी बदल दिया गया था।

इस वीडियो पर स्पष्टीकरण देते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात) रोहिदास पवार ने कहा, ‘‘यरवदा यातायात संभाग के उप निरीक्षक गोराडे (57) को कल्याणीनगर के एडलैब्स चौक पर नशे में गाड़ी चलाने वालों को पकड़ने के लिए तैनात किया गया था।’’

डीसीपी ने बताया कि दो दिनों तक लगातार दिन-रात ड्यूटी करने के कारण गोराडे का रक्त शर्करा स्तर 550 तक पहुंच गया जिसके बाद उनके पैरों में ऐंठन होने लगी।

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए वह अचानक जमीन पर बैठ गये। फुटेज में दिख रहे व्यक्ति ने पैर में ऐंठन से राहत दिलाने में मदद की। फिर भी, हम तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।’’

भाषा धीरज शोभना

शोभना


लेखक के बारे में