छत्तीसगढ़ में हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत

छत्तीसगढ़ में हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत

छत्तीसगढ़ में हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत
Modified Date: November 29, 2022 / 08:19 pm IST
Published Date: August 11, 2021 2:11 pm IST

रायगढ़, 11 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई है। रायगढ़ जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बुधवार को बताया कि जिले के धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के ओंगना गांव में जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण मोहितराम यादव (39) की मौत हो गई। धरमजयगढ़ के वन मंडल अधिकारी एस मानविषगन ने बताया कि वन विभाग को जानकारी मिली है कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे ओंगना गांव में मोहितराम लघुशंका के लिए घर से बाहर निकला तब उसका सामना हाथी से हो गया।

मानविषगन ने बताया कि इस दौरान हाथी ने मोहित राम को अपनी सूंड से उठा लिया और पटक—पटक कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि अन्य ग्रामीण मोहित राम को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन उसकी मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद आज सुबह विभाग का दल घटनास्थल पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

उन्होंने बताया कि मोहित राम की पत्नी मीरा यादव को तत्कालिक सहायता के रूप में 25 हजार रुपए प्रदान किए गए हैं। विभाग ने मामला दर्ज कर लिया है।

भाषा सं संजीव sg मानसी

मानसी


लेखक के बारे में