नासिक, 18 अप्रैल (भाषा) नासिक में शनिवार को एक डंपर ट्रक ने दो पहिया वाहन को टक्कर मार दी जिससे एक महिला की मौत हो गई जबकि उसकी मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अंबड थाने के एक अधिकारी ने बताया कि डंपर ट्रक ने एक चार पहिया वाहन को भी टक्कर मारी। अधिकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10 बजे खुटवडनगर इलाके में सीआईटीयू भवन के पास हुई।
उन्होंने बताया, “शिवशक्ति चौक से आते समय डंपर ट्रक ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे उस पर पीछे बैठी पायल गोसावी (23) गिर गई और भारी वाहन के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।’
उन्होंने बताया कि टक्कर लगने के बाद दोपहिया वाहन चला रही महिला दूर जा गिरी जिससे उसे गंभीर चोटें आईं हैं।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद डंपर ट्रक ने एक चार पहिया वाहन को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा, “वाहन में सवार दंपति और उनके दो बच्चे बाल-बाल बच गए। इसके बाद ट्रक एक पेड़ से टकराकर रुक गया। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है कि कहीं वह शराब के नशे में तो नहीं था?”
भाषा प्रचेता अमित
अमित