नासिक में पर्यटकों पर हमले का मामला: नौ आरोपी पुलिस हिरासत में भेजे गए, अन्य की तलाश जारी

Ads

नासिक में पर्यटकों पर हमले का मामला: नौ आरोपी पुलिस हिरासत में भेजे गए, अन्य की तलाश जारी

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 10:09 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 10:09 PM IST

नासिक, 15 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले में भावली बांध पर पिकनिक मनाने गई एक महिला पर्यटक से कथित छेड़छाड़ और उसके परिवार के सदस्यों पर हमले के मामले में गिरफ्तार नौ आरोपियों को बुधवार को 18 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

इगतपुरी की एक अदालत में अभियोजन पक्ष ने घटना में शामिल कुछ और लोगों का पता लगाने के लिए जारी जांच का हवाला देते हुए आरोपियों की हिरासत का अनुरोध किया, जबकि बचाव पक्ष ने इसका विरोध किया।

हालांकि, अदालत ने अभियोजन पक्ष का आग्रह स्वीकार कर लिया।

इस बीच, पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किए गए पिक-अप वाहन को जब्त कर लिया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘कुछ आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है और अपराध में इस्तेमाल किए गए अन्य वाहनों का भी पता लगाया जा रहा है।’

भावली बांध पर रविवार को एक महिला पर्यटक से कथित तौर पर छेड़छाड़ और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया था। वीडियो में मोटरसाइकिल सवार दो लोग परिवार की एसयूवी का पीछा करते हुए देखे जा सकते हैं।

महिला (44) ने प्राथमिकी में बताया कि वह अपने पति, बेटे, बेटी, रिश्तेदार और दो भतीजों के साथ रविवार को बांध के पास एक झरना देखने गई थी। इसी दौरान दो युवकों ने कथित तौर पर उस देखकर सीटी बजाई और परेशान करना शुरू कर दिया।

शिकायत के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों के समूह ने उनके साथ मारपीट की, महिला के कपड़े फाड़ दिए और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। जब उसके पति ने मोबाइल वापस लेने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके गले में पहनी 20 ग्राम सोने की चेन छीन ली और उनकी पिटाई की।

शिकायत में कहा गया कि इसके बाद जब परिवार वहां से जाने लगा तो आरोपियों ने कार और मोटरसाइकिल से उनकी एसयूवी का पीछा किया, उससे आगे निकलकर रास्ता रोक दिया। करीब आठ-नौ लोग डंडे, लोहे की रॉड और बेसबॉल बैट लेकर वाहन से उतरे, उन्होंने एसयूवी का शीशा तोड़ दिया और महिला को बाहर आने के लिए मजबूर किया।

महिला ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उनमें से एक ने उसके सिर पर बेसबॉल बैट से वार करने की कोशिश की, लेकिन वह बच गई।

परिवार किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहा और थाने पहुंचकर घटना का वीडियो पुलिस को सौंपा।

पुलिस के अनुसार, इगतपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया और मंगलवार को नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘छेड़छाड़, हत्या की कोशिश और डकैती का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी लोग गिरनारे, नंदगांव साडो और माणिकखंब गांवों और आस-पास के इलाकों के रहने वाले हैं।’

उन्होंने बताया, ‘वीडियो फुटेज के आधार पर छह-सात अन्य आरोपियों की भी पहचान की गई है। इनमें से एक आरोपी भोईर के खिलाफ 2020-21 में हत्या का मामला दर्ज था।’ उन्होंने कहा कि जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल भताते (27), अनिकेत मनवधे (24), अनिरुद्ध भागडे (25), सागर उर्फ लोकेश गीते (22), विनोद बोराडे (26), सचिन अडोले (29), अर्जुन अडोले (25), देवीदास भगत (25) और अजय दलभगत (20) के रूप में हुई है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश