Mahashivratri 2026/Image Source: ANI
Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देशभर के शिव मंदिरों में विशेष पूजन और धार्मिक आयोजनों का दौर जारी है। तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। “हर-हर महादेव” और “बम-बब भोले” के जयकारों से शिवालय गूंज उठे।
राजधानी रायपुर स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सैकड़ों साल पुराना स्वयंभू शिवलिंग यहां आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, फूल और जल लेकर कतारों में खड़े नजर आए। आज भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया जाएगा और दिनभर रुद्राभिषेक व पूजन चलता रहेगा।
Mahashivratri 2026: इंदौर के मंदिरों में तड़के सुबह 4 बजे भस्म आरती के साथ महाशिवरात्रि का शुभारंभ हुआ। गेंदेश्वर महादेव मंदिर में रात 8 बजे तांडव आरती का आयोजन होगा। वहीं कांटाफोड़ महादेव मंदिर से आज भोलेनाथ की भव्य बारात निकलेगी। कई मंदिरों में स्वर्ण कलश से अभिषेक किया जाएगा, तो शाम को शंकर-पार्वती दूल्हा-दुल्हन स्वरूप में विराजमान होंगे। कुछ स्थानों पर आज तो कुछ में कल शिव विवाह महोत्सव संपन्न होगा।
रामनगरी अयोध्या में महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों भक्तों ने पवित्र सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई और जल भरकर नागेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। मान्यता है कि इस मंदिर की स्थापना भगवान श्रीराम के पुत्र कुश ने की थी। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। गर्भगृह में पहुंचकर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे लगाए गए। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। शहरों को जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं को समूहों में मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।