रिश्तेदारों को मतदान केंद्रों के अंदर ले जाने पर कांग्रेस व भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज

रिश्तेदारों को मतदान केंद्रों के अंदर ले जाने पर कांग्रेस व भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज

रिश्तेदारों को मतदान केंद्रों के अंदर ले जाने पर कांग्रेस व भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: May 12, 2024 / 11:11 pm IST
Published Date: May 12, 2024 11:11 pm IST

भोपाल, 12 मई (भाषा) भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता कमल पटेल पर सात मई को वोट डालने के दौरान अपने रिश्तेदारों को मतदान केंद्रों के अंदर ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई निर्वाचन आयोग के पास शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद की गई। पुलिस ने बताया कि दोनों नेताओं या उनके रिश्तेदारों ने वे कथित वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए थे जिनमें वे मतदान केंद्रों के भीतर नजर आ रहे हैं।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ऐसी शिकायतें जिला निर्वाचन अधिकारियों के पास आती हैं, जो गौर करने और सही पाए जाने के बाद उन्हें कार्रवाई के लिए पुलिस को भेज देते हैं।

पटेल ने सात मई को आम चुनाव के तीसरे चरण में बैतूल सीट और मसूद ने भोपाल लोकसभा क्षेत्र में मतदान किया था।

क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त नितिन उपाध्याय ने बताया कि शाहजहांनाबाद पुलिस ने मसूद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 188 (कानून द्वारा अधिकार प्राप्त लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की जानबूझकर अवज्ञा करना) और अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र के निर्धारित क्षेत्र में मोबाइल फोन का उपयोग वर्जित है।

अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा उस क्षेत्र में केवल एक व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति होती है जहां वोट डाला जाता है।

क्षेत्रीय पुलिस निरीक्षक ए आर खान ने बताया कि हरदा जिले में ‘सिटी कोतवाली’ पुलिस ने इसी तरह के उल्लंघन के आरोप में भाजपा के पूर्व विधायक पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के अलावा उन पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह अपने पोते के साथ मतदान केंद्र के अंदर दिख रहे हैं।

भाषा सिम्मी अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में