चौहान ने मध्य प्रदेश में भाजपा की क्लीन स्वीप के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव को बधाई दी
चौहान ने मध्य प्रदेश में भाजपा की क्लीन स्वीप के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव को बधाई दी
( तस्वीर सहित )
भोपाल, पांच जून (भाषा) मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को राज्य में लोकसभा चुनावों में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा की विजय के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव को बधाई दी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राज्य की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की।
चौहान बुधवार को सुबह मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए यादव को बधाई देने पहुंचे।
एक अधिकारी ने बताया कि इस अवसर पर चौहान और यादव दोनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।
चौहान ने राज्य की विदिशा लोकसभा सीट से अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी प्रताप भानु शर्मा को 8,21,408 मतों के अंतर से हराया।
पूर्व मुख्यमंत्री को कुल 11,16,460 वोट मिले, जबकि दो बार सांसद रहे शर्मा को 2,95,052 वोट मिले।
विदिशा से यह चौहान की छठी संसदीय चुनावी जीत है। इस सीट का प्रतिनिधित्व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (1991), मीडिया दिग्गज रामनाथ गोयनका (1971) और भाजपा नेता सुषमा स्वराज (2009 और 2014) ने भी किया है।
2019 के लोकसभा चुनावों में, भाजपा ने राज्य की 29 सीटों में से छिंदवाड़ा को छोड़कर 28 पर जीत हासिल की थी। छिंदवाड़ा को कांग्रेस के दिग्गज और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का गढ़ माना जाता है।
मंगलवार को भाजपा के विवेक बंटी साहू ने छिंदवाड़ा के मौजूदा कांग्रेस सांसद और कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ को 1,13,618 मतों के अंतर से हराया।
चुनाव प्रचार के दौरान, भाजपा ने राज्य में क्लीन स्वीप करने का लक्ष्य रखा था।
भगवा पार्टी ने 26 साल पहले छिंदवाड़ा से पहली बार जीत हासिल की थी, जब पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सुंदरलाल पटवा ने 1997 के उपचुनाव में कमलनाथ को हराया था।
भाषा दिमो मनीषा
मनीषा

Facebook


