मध्य प्रदेश में मतगणना की तैयारियां पूरी, सत्तारूढ़ भाजपा को सभी 29 लोकसभा सीट पर जीत की उम्मीद

मध्य प्रदेश में मतगणना की तैयारियां पूरी, सत्तारूढ़ भाजपा को सभी 29 लोकसभा सीट पर जीत की उम्मीद

मध्य प्रदेश में मतगणना की तैयारियां पूरी, सत्तारूढ़ भाजपा को सभी 29 लोकसभा सीट पर जीत की उम्मीद
Modified Date: June 3, 2024 / 07:34 pm IST
Published Date: June 3, 2024 7:34 pm IST

भोपाल, तीन जून (भाषा) मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीट के लिए मंगलवार को होने वाली मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में भारी जीत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सभी सीट पर जीत दर्ज करने की उम्मीद है।

राज्य के सभी 52 जिलों में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी, जहां 19 अप्रैल, 26 मई, चार मई और 13 मई को चार चरणों में लोकसभा चुनाव हुए थे।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 66.87 प्रतिशत मतदान हुआ, 69.37 प्रतिशत पुरुष मदाताओं और 64.24 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान किया।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ के गढ़ छिंदवाड़ा को छोड़कर राज्य की 29 में से 28 सीट पर जीत हासिल की थी।

मंगलवार को जिन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा उनमें राजगढ़ से वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, खजुराहो से प्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा, रतलाम-झाबुआ से पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और छिंदवाड़ा से कमलनाथ के बेटे और मौजूदा सांसद नकुल नाथ शामिल हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनुपम राजन ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया, ‘मंगलवार को सुबह आठ बजे से सभी 52 जिलों के मुख्यालयों में 29 लोकसभा सीट के लिए मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग ने 29 सीट के लिए 116 केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं और वे सभी अपने निर्धारित मतगणना केंद्रों पर पहुंच गए हैं।’’

राजन ने बताया कि 22,595 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी इस कार्य को करेंगे। ईवीएम मतों की गिनती के लिए कुल 3,883 मेज लगाई गई हैं, जबकि डाक मतपत्रों की गिनती के लिए 242 मेज लगाई गई हैं।

उन्होंने कहा कि डाक मतपत्रों की गिनती के साथ मतगणना की शुरुआत होगी। उन्होंने बताया कि खजुराहो लोकसभा सीट के अंतर्गत पवई विधानसभा क्षेत्र के लिए अधिकतम 24 राउंड की मतगणना होगी, जबकि भिंड लोकसभा सीट के अंतर्गत सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए न्यूनतम 12 राउंड की मतगणना होगी।

उन्होंने कहा, ‘बालाघाट लोकसभा सीट के सिवनी विधानसभा क्षेत्र, मंडला लोकसभा सीट के केवलारी और लखनादौन सीट के साथ-साथ विदिशा लोकसभा सीट के बुधनी क्षेत्र के लिए अधिकतम 28-28 टेबल लगाई गई हैं।’

राजन ने कहा कि मतगणना के दिन केंद्रीय बलों की 18 कंपनियां, विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) की 45 कंपनियां और जिला सुरक्षा बलों के 10,000 जवान तैनात किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में डाक मतपत्र सोमवार दोपहर तीन बजे से मतगणना केंद्रों पर लाए जा रहे हैं।

सीईओ ने कहा, ‘सेवा मतदाताओं के मतपत्र मंगलवार सुबह आठ बजे तक मतगणना केंद्र पर स्वीकार किए जाएंगे, जिसके लिए डाक विभाग के कर्मचारियों को विशेष पास जारी किए गए हैं। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों को कुल 37,573 सेवा मत प्राप्त हुए हैं। 85 वर्ष से अधिक उम्र के 35,211 लोगों और 12,816 दिव्यांगजनों ने घर से मतदान की सुविधा का लाभ उठाया।’

राजन ने बताया कि राज्य में सेवा मतदाताओं द्वारा कुल 1,432 वोट डाले गए, जबकि 39,510 निर्वाचन कर्मियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए डाक मतपत्रों का इस्तेमाल किया।

भाजपा के चुनाव अभियान का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह समेत कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया।

भाजपा का अभियान कांग्रेस के तुष्टिकरण की राजनीति के इर्द-गिर्द केंद्रित रहा, जिसमें सत्तारूढ़ पार्टी ने कांग्रेस पर अनुसूचित जातियों, जनजातियों और अन्य पिछड़ा वर्गों के लिए निर्धारित कोटा मुस्लिम समुदाय को देने की योजना बनाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस के चुनाव अभियान के दौरान राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाद्रा ने भाजपा पर पूंजीवाद को बढ़ावा देने और आरक्षण समाप्त करने के लिए संविधान में बदलाव करने का आरोप लगाया।

भाषा दिमो

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में