प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में विकास कार्य जारी रहेंगे : मोहन यादव

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में विकास कार्य जारी रहेंगे : मोहन यादव

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में विकास कार्य जारी रहेंगे : मोहन यादव
Modified Date: June 8, 2024 / 10:14 pm IST
Published Date: June 8, 2024 10:14 pm IST

भोपाल, आठ जून (भाषा) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताते हुए ‘मोदी है तो मुमकिन है’ के नारे को शनिवार को दोहराया और कहा कि केंद्र में गठबंधन सरकार बनने से विकास कार्य बाधित नहीं होंगे।

केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनने से विकास कार्यों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘गठबंधन सरकारें लोकतंत्र का हिस्सा होती हैं। लोकतंत्र की यही विशेषता है। ‘मोदी है तो मुमकिन है’।’

हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों में अपने दम पर बहुमत हासिल करने में विफल रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) का समर्थन हासिल किया है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व में तत्कालीन प्रधानमंत्रियों अटल बिहारी वाजपेयी, पी वी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकारों की लोकतांत्रिक प्रकृति पर प्रकाश डाला।

उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने 2004 और 2009 के आम चुनावों में क्रमशः 145 और 206 सीट जीती थीं, जो यह दर्शाता है कि कांग्रेस अपने दम पर बहुमत हासिल करने में विफल रही थी।

मोहन यादव ने कहा, ‘भाजपा ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों में 240 सीट जीती हैं, जो 2014, 2019 और 2024 के आम चुनावों में कांग्रेस द्वारा जीती गई सीटों की संख्या से अधिक है।’

उन्होंने मोदी की रिकॉर्ड और इतिहास बनाने की क्षमता का उल्लेख करते हुए उनकी प्रशंसा की।

भाजपा नेता ने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों के रूप में मोदी की उपलब्धियों का हवाला देते हुए इस बात पर जोर दिया कि गठबंधन सरकार बनने के बावजूद देश और राज्य में विकास कार्यों में बाधा नहीं आएगी।

मुख्यमंत्री रविवार को मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगे।

भाषा

दिमो, रवि कांत

रवि कांत


लेखक के बारे में