मप्र: भाजपा सभी 29 लोकसभा सीट पर आगे; दिग्विजय और नकुलनाथ पिछड़े

मप्र: भाजपा सभी 29 लोकसभा सीट पर आगे; दिग्विजय और नकुलनाथ पिछड़े

मप्र: भाजपा सभी 29 लोकसभा सीट पर आगे; दिग्विजय और नकुलनाथ पिछड़े
Modified Date: June 4, 2024 / 01:30 pm IST
Published Date: June 4, 2024 1:30 pm IST

भोपाल, चार जून (भाषा) मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट के लिए मंगलवार सुबह से जारी मतगणना के अब तक के रुझानों के अनुसार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

भाजपा के प्रमुख उम्मीदवार जो आगे चल रहे हैं, उनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), शिवराज सिंह चौहान (विदिशा), फग्गन सिंह कुलस्ते (मंडला), शंकर लालवानी (इंदौर), वीडी शर्मा (खजुराहो), संध्या राय (भिंड), लता वानखेड़े (सागर), वीरेंद्र कुमार (टीकमगढ़), आलोक शर्मा (भोपाल) और रोडमल नागर (राजगढ़) शामिल हैं।

इंदौर में भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी 8,85,349 मतों से आगे हैं, जबकि ‘नोटा’ (उपरोक्त में से कोई नहीं) को अब तक 1,91,317 वोट मिले हैं। यहां कांग्रेस, दौड़ से बाहर हो गई थी। कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार अक्षय कांति बम द्वारा अंतिम समय में अपना नामांकन वापस लेने के बाद पार्टी ने भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ ‘नोटा’ दबाने के लिए अभियान चलाया था।

निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार विदिशा में भाजपा उम्मीदवार शिवराज सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 5,15,410 मतों से आगे हैं।

राजगढ़ में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पीछे हैं। इस सीट पर रोडमल नागर 52,657 मतों से आगे हैं।

छिंदवाड़ा में कांग्रेस के निवर्तमान सांसद नकुल नाथ पीछे हैं, जबकि भाजपा के विवेक बंटी साहू उनसे 60,737 मतों से आगे चल रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया रतलाम में 1,72,454 मतों से पीछे हैं।

केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना में 4,02,001 मतों से आगे हैं।

मंडला में भाजपा फग्गन सिंह कुलस्ते 76,137 मतों से आगे हैं।

खजुराहो में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी.डी. शर्मा 3,75,614 मतों से आगे हैं।

भाषा दिमो खारी

खारी


लेखक के बारे में