गिरफ्तारी के बाद भी इस्तीफा नहीं देने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने केजरीवाल की आलोचना की

Ads

गिरफ्तारी के बाद भी इस्तीफा नहीं देने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने केजरीवाल की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - March 23, 2024 / 10:39 PM IST,
    Updated On - March 23, 2024 / 10:39 PM IST

भोपाल, 23 मार्च (भाषा) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद भी दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद नहीं छोड़ने के लिए शनिवार को अरविंद केजरीवाल की आलोचना की।

केजरीवाल को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था । उन्हें 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने अभी तक दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है।

यादव ने झाबुआ में एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘ जिसने कहा था कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेगा और बेईमानों को जेल में डालेगा, वह अब अपने कई मंत्रियों के साथ जेल में है। लेकिन वह मुख्यमंत्री पद छोड़ने को तैयार नहीं हैं और कांग्रेस उनका समर्थन कर रही है।’’

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और भाजपा के संरक्षक लालकृष्ण आडवाणी जैसे दिग्गजों ने नैतिक आधार पर (क्रमशः एक रेल दुर्घटना और एक झूठे मामले के बाद) इस्तीफा दे दिया।

उन्होंने कहा कि यहां तक कि ‘केजरीवाल के गुरु अन्ना हजारे’ ने भी दिल्ली के मुख्यमंत्री के कार्यों पर निराशा व्यक्त की है।

यादव ने कहा, ‘एक तरफ ऐसे दागी लोग हैं और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी हैं, जो बेदाग और सूरज की तरह चमकते हैं और 142 करोड़ लोगों को अपना परिवार मानते हैं।’

यादव भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के लिए रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर जिलों के दौरे पर थे।

भाषा दिमो

राजकुमार

राजकुमार