जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में 18 देशों के 208 निशानेबाज हिस्सा लेंगे

जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में 18 देशों के 208 निशानेबाज हिस्सा लेंगे

जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में 18 देशों के 208 निशानेबाज हिस्सा लेंगे
Modified Date: September 23, 2025 / 08:32 pm IST
Published Date: September 23, 2025 8:32 pm IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) मेजबान भारत डॉ. कर्णी सिंह निशानेबाजी रेंज में होने वाले आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में 69 निशानेबाजों का मजबूत दल उतारेगा। प्रतियोगिता में 18 देशों के 208 युवा निशानेबाज हिस्सा लेंगे।

यहां 24 सितंबर से दो अक्टूबर तक होने वाली प्रतियोगिता में 15 ओलंपिक और दो गैर ओलंपिक स्पर्धाओं में निशानेबाजों की अगली पीढ़ी प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी प्रतिभा का नजारा पेश करेगी। प्रतियोगिता में कुल 51 पदक दांव पर होंगे।

अन्य प्रतिस्पर्धी देशों में अमेरिका (20), इटली (10), चेक गणराज्य (नौ), ईरान (आठ), क्रोएशिया (सात), ग्रेट ब्रिटेन (छह), संयुक्त अरब अमीरात (पांच), स्लोवाकिया (पांच), कतर (चार), ओमान (चार), स्पेन (आठ), फिनलैंड (तीन), नीदरलैंड (तीन), साइप्रस (तीन), न्यूजीलैंड (दो), सऊदी अरब (दो) के अलावा 40 व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट (एआईएन) शामिल हैं।

अमेरिका, ग्रेट ब्रिटेन, इटली और साइप्रस के निशानेबाज रेंज में पहुंच चुके हैं और एक अनौपचारिक प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा ले चुके हैं।

इस साल जूनियर वर्ग का यह दूसरा और अंतिम विश्व कप होगा। इससे पहले मई में जर्मनी के सुहल में पहला विश्व कप आयोजित किया गया था जहां भारत तीन स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य सहित 11 पदक के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रहा था।

शीर्ष खिलाड़ियों में ओलंपियन और सुहल विश्व कप की रजत पदक विजेता राइजा ढिल्लों, पूर्व विश्व चैंपियन अभिनव साव, सुहल की स्वर्ण पदक विजेता शंभावी क्षीरसागर और तेजस्वनी तथा इसी विश्व कप के कांस्य पदक विजेता नारायण प्रणव और एड्रियन करमाकर आदि शामिल होंगे।

विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता इटली की एरियाना निम्बर, अपने ही देश के मार्को कोको, माटेओ ब्रागाली और लुका गेरी के साथ शॉटगन रेंज में चुनौती पेश करेंगी। साथ ही क्रोएशिया के ट्रैप निशानेबाज टोनी गुडेलज भी होंगे जिन्होंने सुहल में कांस्य पदक जीता था।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में