डूरंड कप में हिस्सा लेंगी 24 टीम
डूरंड कप में हिस्सा लेंगी 24 टीम
कोलकाता, एक जुलाई (भाषा) डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में इस साल 24 टीम हिस्सा लेंगी जिनमें से सात टीम पदार्पण कर रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले 25 जुलाई से 23 अगस्त तक पांच शहरों में खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट की शुरुआत 25 जुलाई को कोलकाता में होगी। इसके अलावा अगले चार हफ्तों में रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में भी मैच खेले जाएंगे। फाइनल कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में होगा।
इस प्रतियोगिता में एक बार फिर इंडियन सुपर लीग क्लब, आई लीग टीमें, सेना की टीमें, उभरती हुई घरेलू टीमें और विदेशी टीमें एक साथ खेलेंगी।
सात नई टीम में श्रीलंकाई सशस्त्र बलों की डिफेंडर्स एफसी और मेघालय प्रीमियर लीग चैंपियन नोंगसेह स्पोर्ट्स, सोशल एंड कल्चरल क्लब (एसएस एवं सीसी) शामिल हैं।
कोलकाता एक बार फिर टूर्नामेंट का मुख्य केंद्र होगा। यहां विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन और किशोर भारती क्रीड़ांगन में दो ग्रुप के मैच, उद्घाटन मैच, दो क्वार्टर फाइनल, एक सेमीफाइनल और फाइनल खेला जाएगा।
यह शहर रिकॉर्ड 17 बार की चैंपियन मोहन बागान सुपर जाइंट, 16 बार की विजेता ईस्ट बंगाल एफसी, मोहम्मडन एससी, साउथ यूनाइटेड एफसी, सीआईएसएफ, भारतीय सेना और नई टीम बागपत एफसी तथा समलेश्वरी स्पोर्टिंग की मेजबानी करेगा।
रांची पहली बार डूरंड कप की मेजबानी करेगा। यहां बिरसा मुंडा स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक लीग मुकाबले और एक क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। यह शहर जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायु सेना और डिफेंडर्स एफसी की मेजबानी करेगा।
इम्फाल का खुमान लमपक स्टेडियम 28 जुलाई से 17 अगस्त तक लीग मुकाबलों और एक क्वार्टर फाइनल की मेजबानी करेगा। इस ग्रुप में स्थानीय क्लब टीआरएयू एफसी और नेरोका एफसी, भारतीय नौसेना और पदार्पण कर रही एफसी रेंगडाई शामिल हैं।
शिलांग का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम 31 जुलाई से 20 अगस्त तक लीग मुकाबलों के अलावा और एक सेमीफाइनल मैच की मेजबानी करेगा। इस स्थल पर शिलांग लाजोंग एफसी, नोंगसेह एसएस एवं सीसी, लैंग्सनिंग एफसी और पदार्पण कर रहा मुंबई एफसी खेलेगा।
गुवाहाटी का इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम एक से 13 अगस्त तक लीग चरण के मुकाबलों की मेजबानी करेगा। मौजूदा चैंपियन नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी इस ग्रुप की मुख्य टीम है जिसमें एफसी1, बोडोलैंड एफसी और कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी भी शामिल हैं।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


