पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नौ राज्यों के 633 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नौ राज्यों के 633 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
पटना, 21 सितंबर (भाषा) बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में मंगलवार से 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में नौ राज्यों के 633 युवा खिलाड़ी भाग लेंगे। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से यह जानकारी दी गई।
राज्य खेल प्राधिकरण के मुताबिक, 22 से 24 सितंबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता में 290 महिला खिलाड़ियों सहित कुल 633 खिलाड़ी पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसमें बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम, झारखंड, मणिपुर, मेघालय, ओडिशा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के खिलाड़ी भाग लेंगे।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ और बिहार एथलेटिक्स संघ द्वारा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित इस चैंपियनशिप में मेजबान बिहार के 139 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें 58 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। राज्य के उभरते एथलीटों के लिए यह राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
चैंपियनशिप में ट्रैक और फील्ड, दोनों वर्गों की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवींद्रन शंकरन ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों की भागीदारी राज्य में विकसित हो रहे मजबूत खेल माहौल का संकेत है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी क्षमता परखने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलता है।
भाषा
कैलाश
पारुल आनन्द
आनन्द

Facebook


