एसीएसयू ने आईपीएल डगआउट और टीम होटल में बिना इजाजत लोगों की मौजूदगी पर चिंता जताई

Ads

एसीएसयू ने आईपीएल डगआउट और टीम होटल में बिना इजाजत लोगों की मौजूदगी पर चिंता जताई

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 11:31 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 11:31 PM IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की भ्रष्टाचार रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने मौजूदा सत्र के दौरान टीम डगआउट, बसों, होटलों और खिलाड़ियों एवं मैच अधिकारियों के क्षेत्र में में बिना इजाजत लोगों की मौजूदगी पर चिंता जताई है जिसके बाद बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजी के लिए अपने मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) को और सख्त कर दिया है।

आईपीएल के अध्यक्ष अरुण धूमल ने इस बात की पुष्टि की कि एसीएसयू ने इस मामले पर बीसीसीआई को एक रिपोर्ट सौंपी है।

भ्रष्टाचार रोधी इकाई द्वारा बताई गई कमियों पर रोशनी डालते हुए धूमल ने कहा कि बोर्ड इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।

धूमल ने पीटीआई को बताया, ‘‘एसीएसयू ने कुछ कमियों की ओर इशारा किया है और एक रिपोर्ट सौंपी है जिसमें बताया गया है कि आईपीएल मैचों के दौरान डगआउट, टीम बस और टीम होटल में बिना इजाजत लोग देखे गए हैं। ’’

यह संकेत देते हुए कि जल्द ही और भी सख्त नियम लागू किए जाएंगे, धूमल ने कहा कि फ्रेंचाइज़ियों को पहले से तय नियमों का पालन करने की याद दिलाई जाएगी।

धूमल ने आगे कहा, ‘‘खिलाड़ियों और अधिकारियों के क्षेत्र के तहत कुछ नियम हैं जिनका पालन करना जरूरी है और बीसीसीआई फ्रेंचाइज़ियों से कहेगा कि वे मानक प्रक्रिया का ध्यान रखें, ताकि टूर्नामेंट की गरिमा बनी रहे। ’’

भाषा नमिता

नमिता