अहमदाबाद राष्ट्रमंडल खेलों में 17 खेल, पिछले खेलों के मुकाबले 60 प्रतिशत कम खर्च में आयोजन की तैयारी

Ads

अहमदाबाद राष्ट्रमंडल खेलों में 17 खेल, पिछले खेलों के मुकाबले 60 प्रतिशत कम खर्च में आयोजन की तैयारी

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 09:20 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 09:20 PM IST

लंदन, 22 जून (भाषा) राष्ट्रमंडल खेल के नए मेजबानी मॉडल के तहत अहमदाबाद में होने वाले 2030 राष्ट्रमंडल खेलों में 17 खेल शामिल होंगे। इन खेलों का आयोजन पिछले खेलों के मुकाबले लगभग 60 प्रतिशत कम खर्च में किया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को सीईओ केटी सैडलियर ने दी।

अगले महीने शुरू होने वाले 2026 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन कम खर्च में करने के लिए इसे छोटा किया गया है। इसमें 10 सामान्य खेल और छह पैरा खेल शामिल होंगे।

हालांकि अहमदाबाद में होने वाले 2030 खेलों का दायरा काफी बढ़ाया जाएगा।

सैडलियर ने वर्चुअल बातचीत के दौरान कहा, ‘‘हम अहमदाबाद में फिर से 17 खेलों वाले कार्यक्रम पर लौटेंगे। और हम अभी उस कार्यक्रम पर काम करने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ और भारत सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसलिए यह संख्या फिर से बढ़ेगी।’’

ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य द्वारा जुलाई 2023 में बढ़ती लागत और बजट संबंधी चिंताओं के कारण नाम वापस लेने के बाद ग्लास्गो ने 2026 खेलों की मेजबानी की जिम्मेदारी ली थी।

अपने ‘गेम्स रीसेट’ सिद्धांतों के तहत राष्ट्रमंडल खेल ने पिछले खेलों के मुकाबले मेजबानी की लागत को काफी कम करने की कोशिश की है।

सैडलियर ने कहा, ‘‘60 प्रतिशत की कमी भविष्य के लिए हमारी नई रीसेट योजना का हिस्सा है और निश्चित रूप से हम अहमदाबाद के लिए भी इसी लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। ग्लास्गो ने बर्मिंघम खेलों की तुलना में खर्चों में 60 प्रतिशत की बड़ी कटौती करके शानदार काम किया है।’’

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 पर लगभग 78 करोड़ पाउंड का खर्च आया था जबकि 2026 ग्लास्गो खेलों के आयोजन पर लगभग 16 करोड़ पाउंड खर्च होने की उम्मीद है।

भाषा सुधीर

सुधीर