प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने ली विद्यार्थियों की जान : एबीवीपी

Ads

प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने ली विद्यार्थियों की जान : एबीवीपी

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 09:19 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 09:19 PM IST

लखनऊ, 22 जून (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आनुषांगिक संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सोमवार को राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक इमारत में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत के लिये प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

एबीवीपी के अवध प्रांत के मंत्री अर्पण कुशवाहा ने यहां एक बयान में हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि लखनऊ में हुई यह दर्दनाक घटना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जिम्मेदार तंत्र की विफलता का परिणाम प्रतीत होती है।

उन्होंने कहा कि एबीवीपी मांग करती है कि पूरे प्रदेश में संचालित कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों एवं अन्य शैक्षणिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का तत्काल व्यापक निरक्षण कराया जाए तथा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि यदि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है तो दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों, संस्थाओं एवं अधिकारियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बयान के अनुसार परिषद ने प्रभावित विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों की सहायता के लिये हेल्पलाइन शुरू की है।

भाषा सलीम धीरज

धीरज