एआईएफएफ ने भारत के बड़े मैत्री मुकाबलों के लिए कोलकाता के क्लबों को छूट पर टिकट देने का ऐलान किया
एआईएफएफ ने भारत के बड़े मैत्री मुकाबलों के लिए कोलकाता के क्लबों को छूट पर टिकट देने का ऐलान किया
कोलकाता, 17 सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने बृहस्पतिवार को कहा कि एआईएफएफ पनामा, ब्राजील और उरुग्वे के खिलाफ भारत के आगामी फीफा टियर-एक मैत्री मुकाबलों के लिए मोहन बागान, ईस्ट बंगाल और मोहम्मडन स्पोर्टिंग के सदस्यों और समर्थकों को छूट पर टिकट उपलब्ध कराएगा। इसके लिए भारतीय फुटबॉल संघ (आईएफए) नोडल एजेंसी के तौर पर काम करेगी।
भारत का मुकाबला 25 सितंबर को बेंगलुरु में पनामा से और कोलकाता में ब्राजील (तीन अक्टूबर) और उरुग्वे (छह अक्टूबर) से होगा। ये तीनों टीम अभी फीफा रैंकिंग में शीर्ष 50 में शामिल हैं।
चौबे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दोनों गोलपोस्ट के पीछे मिडिल टियर में बी2 और डी2 सेक्शन में 14,000 से अधिक सीटें आईएफए पंजीकृत क्लबों और कोलकाता के तीन बड़े क्लबों को छूट पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर किसी क्लब को टिकट चाहिए तो वे आईएफए को बता सकते हैं कि उन्हें कितने टिकटों की जरूरत है। मोहन बागान, ईस्ट बंगाल और मोहम्मडन स्पोर्टिंग अपने स्टेडियम परिसर में एक खास जगह तय करेंगे जहां टिकटों की बिक्री का इंतजाम किया जाएगा। इस तरह संबंधित क्लबों के सदस्य या प्रशंसक सीधे अपने क्लब टेंट में जाकर टिकट ले सकेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्लब आईएफए के जरिए टिकटों की मांग करेंगे जो छूट पर टिकट बांटने का काम संभालेगा।’’
एआईएफएफ कोलकाता से बाहर भी उत्साह बढ़ाने के लिए अलग-अलग जिलों में ‘फैन पार्क’ बनाने की योजना बना रहा है जिससे कि युवा फुटबॉलर और समर्थक बड़ी स्क्रीन पर एक साथ ये बड़े मैच देख सकें।
खासकर भारत-ब्राजील मैच को लेकर काफी दिलचस्पी देखी जा रही है। हाल ही में ब्राजील फुटबॉल परिसंघ का पांच सदस्यों का एक दल कोलकाता आया था और उसने आयोजन स्थल और इंतजामों का जायजा लिया था।
चौबे ने कहा, ‘‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि उन्होंने बहुत सकारात्मक रिपोर्ट दी है।’’
चौबे ने कहा कि मॉनसून और डूरंड कप में अधिक इस्तेमाल के बाद शुरू में मैदान की हालत को लेकर चिंता थी, लेकिन खेलने की जगह (पिच) में काफी सुधार हुआ है और ब्राजील के साथ होने वाले मैच से पहले इसके और बेहतर होने की उम्मीद है।
स्टेडियम के पास मौजूद दो अभ्यास मैदान भी इस बड़े मैच के लिए तैयार किए जा रहे हैं।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


