मेसी के साथ अर्जेंटीना की विश्व कप टीम में कई खिलाड़ियों को मिली जगह

मेसी के साथ अर्जेंटीना की विश्व कप टीम में कई खिलाड़ियों को मिली जगह

मेसी के साथ अर्जेंटीना की विश्व कप टीम में कई खिलाड़ियों को मिली जगह
Modified Date: May 29, 2026 / 11:14 am IST
Published Date: May 29, 2026 11:14 am IST

ब्यूनस आयर्स, 29 मई (एपी) अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने लगातार बढ़ती चोटों की चिंताओं के बीच स्पष्ट किया है कि कप्तान लियोनेल मेसी सहित ज्यादातर मौजूदा विश्व चैंपियन खिलाड़ी 2026 फीफा विश्व कप के लिए टीम का हिस्सा होंगे।

अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।

अर्जेंटीना फुटबॉल संघ ने बृहस्पतिवार को 26 सदस्यीय विश्व कप टीम की घोषणा की, जिसमें 39 वर्ष के होने जा रहे लियोनेल मेसी सबसे बड़े आकर्षण हैं।

इस टीम में 17 ऐसे खिलाड़ी है जिन्होंने चार वर्ष पहले कतर में फ्रांस को हराकर अर्जेंटीना को विश्व चैंपियन बनाया था।

टीम घोषित होने से पहले कई खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर संशय बना हुआ था। खुद मेसी भी चोट से जूझ रहे हैं। इसी कारण वह पिछले रविवार इंटर मियामी के मैच को पूरा नहीं खेल सके थे।

मेसी अपने करियर का छठा विश्व कप खेलने जा रहे हैं। इससे पहले वह 2006 में जर्मनी, 2010 में दक्षिण अफ्रीका, 2014 में ब्राजील, 2018 में रूस और 2022 में कतर विश्व कप में हिस्सा ले चुके हैं।

टीम के प्रमुख गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज को भी मौका दिया गया है। पिछले सप्ताह यूरोपा लीग फाइनल के दौरान उनकी दाहिने हाथ की अनामिका में फ्रैक्चर हो गया था।

कोच स्कालोनी ने चोटिल डिफेंडर क्रिस्टियन रोमेरो को भी टीम में रखा है। इसके अलावा नाहुएल मोलिना और गोंजालो मोंटियल भी चोट से उबर रहे हैं। मोंटियल ने 2022 विश्व कप फाइनल में फ्रांस के खिलाफ निर्णायक पेनल्टी गोल दागा था।

तीन बार का विश्व चैंपियन (1978, 1986 और 2022) अर्जेंटीना अपने अभियान की शुरुआत 16 जून को ग्रुप ‘जे’ में अल्जीरिया के खिलाफ करेगा। इस ग्रुप में ऑस्ट्रिया और जॉर्डन भी शामिल हैं।

अर्जेंटीना की टीम शनिवार को अपने विश्व कप शिविर के लिए कैनसस सिटी रवाना होगी। टूर्नामेंट से पहले टीम होंडुरास और आइसलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी।

अर्जेंटीना टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर: एमिलियानो मार्टिनेज, जेरोनिमो रूली, जुआन मुस्सो।

डिफेंडर: गोंजालो मोंटियल, नाहुएल मोलिना, लिसांद्रो मार्टिनेज, निकोलस ओटामेंडी, लियोनार्डो बालेरडी, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस टैग्लियाफिको, फाकुंडो मेडिना।

मिडफील्डर: जियोवानी लो सेल्सो, लिएंड्रो परेडेस, रोड्रिगो डी पॉल, एक्सेकिएल पालासियोस, एंजो फर्नांडीज, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, वैलेंटिन बार्को।

फॉरवर्ड: लियोनेल मेसी, निकोलस गोंजालेज, जूलियानो सिमियोने, लाउतारो मार्टिनेज, जोस मैनुअल लोपेज, जूलियन अल्वारेज, थियागो अल्माडा और निको पाज।

एपी

आनन्द आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में