अनाहत को रोमांचक मुकाबले में मिली शिकस्त

Ads

अनाहत को रोमांचक मुकाबले में मिली शिकस्त

  •  
  • Publish Date - September 13, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - September 13, 2026 / 04:53 PM IST

दोहा, 13 सितंबर (भाषा) भारत की स्टार स्क्वॉश खिलाड़ी अनाहत सिंह को कतर क्लासिक के महिला एकल के दूसरे दौर में बेल्जियम की विश्व नंबर नौ टिन्ने गिलिस से पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

अठारह साल की अनाहत को 2.42 लाख डॉलर इनामी ‘पीएसए प्लैटिनम टूर्नामेंट’ में आठवीं वरीय गिलिस ने 11-4, 8-11, 9-11, 11-4, 11-3 से शिकस्त दी।

गिलिस ने पहला गेम आसानी से अपने नाम किया, लेकिन विश्व नंबर-20 और मौजूदा जूनियर विश्व चैंपियन अनाहत ने शानदार वापसी करते हुए अगले दो गेम जीत लिए और मुकाबले पर पकड़ बना ली।

करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग पांच हासिल कर चुकी गिलिस ने हालांकि अपने अनुभव का पूरा लाभ उठाया। उन्होंने चौथे गेम में वापसी करते हुए मुकाबले को निर्णायक पांचवें गेम तक पहुंचाया और फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

इससे पहले शनिवार देर रात पुरुष एकल के शुरुआती दौर में भी भारत को निराशा हाथ लगी। विश्व नंबर-24 अभय सिंह को स्विट्जरलैंड के विश्व नंबर-22 दिमित्री स्टीनमैन ने 11-7, 11-9, 14-12 से हराया, जबकि विश्व नंबर-38 वीर चोटरानी को न्यूजीलैंड के विश्व नंबर-दो पॉल कॉल के खिलाफ 2-11, 3-11, 1-11 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

अनाहत , अभय सिंह और वीर के साथ तन्वी खन्ना 19 सितंबर से जापान में शुरू होने वाले एशियाई खेलों की स्क्वॉश एकल स्पर्धा में भारत की चुनौती पेश करेंगे।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता