सुलतानपुर (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) सुलतानपुर जिले के हलियापुर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के अंदर पाया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि हलियापुर थाना क्षेत्र के रामपुर बबुआन गांव में पियारी देवी (65) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके घर के अंदर बिस्तर पर पाया गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुमार ने बताया कि शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि पियारी देवी निःसंतान थीं और उनके पति रामकिशोर का पहले ही निधन हो चुका है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बुजुर्ग महिला की मौत उनकी चार बीघा जमीन के विवाद से जुड़ी हो सकती है।
पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं. सलीम आशीष
आशीष