अंजुम ने रजत पदक जीता, भारत बाकू निशानेबाजी विश्व कप में तीसरे स्थान पर पहुंचा

Ads

अंजुम ने रजत पदक जीता, भारत बाकू निशानेबाजी विश्व कप में तीसरे स्थान पर पहुंचा

  •  
  • Publish Date - June 3, 2022 / 06:39 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:34 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) अनुभवी भारतीय निशानेबाज अंजुम मोदगिल ने शुक्रवार को अजरबैजान के बाकू में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में रजत पदक जीता जिससे भारत पदक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया।

  अंजुम स्वर्ण पदक के मैच में डेनमार्क की रिक्के मेंग इब्सेन से 12-16 से हार गईं।

विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता अंजुम ने गुरुवार को 600 में से 587 के स्कोर के साथ 60 निशानेबाजों में चौथे स्थान पर रहते हुए शीर्ष आठ रैंकिंग राउंड के लिए क्वालीफाई किया था।

क्वालिफिकेशन के दूसरे चरण में वह 406.5 अंक के साथ इब्सेन (411.4) के बाद दूसरे स्थान पर रही। अंजुम ने इस प्रतिद्वंद्वी को इसके बाद फाइनल में कड़ी चुनौती दी, लेकिन डेनमार्क की इस खिलाड़ी  के पार नहीं पा सकीं।

यह विश्व कप में अंजुम का दूसरा व्यक्तिगत रजत पदक है।

स्वप्निल, दीपक कुमार और गोल्डी गुर्जर की पुरुषों की भारतीय टीम ने  ‘3पी’ टीम प्रतियोगिता में रजत पदक जीता।

भारतीय तिकड़ी क्वालीफाइंग के दो चरण में शानदार प्रदर्शन कर फाइनल में पहुंची लेकिन उन्हें क्रोएशिया से 7-17 से हार का सामना करना पड़ा। इस स्पर्धा में यूक्रेन ने कांस्य पदक जीता।

भारतीय के पास अब टूर्नामेंट में एक स्वर्ण और तीन रजत पदक हैं और वह कोरिया और सर्बिया के बाद तीसरे स्थान पर है।

महिलाओं की प्रतियोगिता में भारत करीबी अंतर से दो पदक से चूक गया।

आयुषी पोद्दार 585 के स्कोर के साथ 16वें स्थान पर रही। वह शीर्ष आठ में जगह बनाने से एक अंक से चूक गयी। इस स्पर्धा में आशी चौकसी 584 के स्कोर के साथ 20 वें स्थान पर रही।

अंजुम और आयुषी की महिलाओं की ‘3पी’ टीम ने अपना पहला क्वालीफाइंग दौर 1316 के कुल स्कोर के साथ जीतकर दूसरे चरण में जगह बनाई। यह भारतीय टीम रैंकिंग चरण में  867 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहने के बाद पदक से चूक गयी।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता