अनमोल को महिला एकल में स्वर्ण, सतीश ने पुरुष एकल और मिश्रित युगल में मारी बाजी

Ads

अनमोल को महिला एकल में स्वर्ण, सतीश ने पुरुष एकल और मिश्रित युगल में मारी बाजी

  •  
  • Publish Date - February 4, 2025 / 07:28 PM IST,
    Updated On - February 4, 2025 / 07:28 PM IST

(फोटो के साथ)

देहरादून, चार फरवरी (भाषा) भारत की उदीयमान बैडमिंटन खिलाड़ी अनमोल खरब ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को यहां 38वें राष्ट्रीय खेलों में महिला एकल फाइनल में स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि तमिलनाडु के सतीश कुमार करुणाकरण ने पुरुष एकल के साथ मिश्रित युगल में भी शीर्ष स्थान हासिल किया।  

अनमोल ने महिला एकल के खिताबी मुकाबले में शीर्ष वरीय अनुपमा उपाध्याय को सीधे गेम में हराकर स्वर्ण पदक जीता।

  एशिया टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य रही हरियाणा की 18 वर्षीय खिलाड़ी अनमोल ने दुनिया की 43वें नंबर की खिलाड़ी अनुपमा को 21-16, 22-20 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

अनमोल ने पिछले साल से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वह दिसंबर में गुवाहाटी मास्टर्स सुपर 100 टूर्नामेंट में उपविजेता रही थी। उन्होंने पिछले साल बेल्जियम और पोलिश इंटरनेशनल में खिताब जीते थे।

पुरुष एकल के फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त करुणाकरण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड के सूर्याक्ष रावत को 21-17, 21-17 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

बैडमिंटन स्पर्धा के आखिरी दिन करुणाकरण ने इससे पहले मिश्रित युगल फाइनल में आद्या वरियाथ के साथ दीप रामभिया और अक्षय वारंग की जोड़ी को 21-11, 20-22, 21-8 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

पुरुष युगल में नितिन एचवी और प्रकाश राज एस ने एकतरफा फाइनल में वैभव और आशिथ सूर्या को 21-16, 21-14 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

महिला युगल में कर्नाटक की शिखा गौतम और अश्विनी भट की जोड़ी ने फाइनल में उत्तराखंड की एंजेल पुनेरा और अन्या बिष्ट को 21-11, 21-13 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज स्थानीय स्टार लक्ष्य सेन सोमवार को आखिरी क्षण में प्रतियोगिता से हट गए थे।

         भाषा    आनन्द सुधीर

सुधीर