क्रिकेट के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के अलावा पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही एसए20 लीग

Ads

क्रिकेट के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के अलावा पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही एसए20 लीग

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 01:23 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 01:23 PM IST

नयी दिल्ली, 26 फरवरी जनवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के मौजूदा आईसीसी टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन का श्रेय काफी हद तक घरेलू टी20 लीग एसए20 को भी जाता है जिसने देश में क्रिकेट के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के अलावा रोजगार के अवसर पैदा किए और पर्यटन को भी बढ़ावा दिया है।

जनवरी 2023 में शुरू हुई इस लीग के चार सत्र के दौरान ही दक्षिण अफ्रीकी टीम ने क्रिकेट के मैदान पर कई शानदार नतीजे हासिल किए जिसमें आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में पहुंचना और 2025 में ऑस्ट्रेलिया को हराकर आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतना भी शामिल है।

भारत और श्रीलंका में चल रहे मौजूदा आईसीसी टी20 विश्व कप में भी दक्षिण अफ्रीका की टीम अब तक अजेय है।

इस लीग ने देश के क्रिकेट ढांचे को ही मजबूत नहीं किया है बल्कि देश में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के अलावा पर्यटन को भी बढ़ावा दिया है।

इस लीग की सभी छह टीम एमआई केपटाउन, पार्ल रॉयल्स, जोबर्ग सुपरकिंग्स, डरबन सुपर जाइंट्स, प्रिटोरिया कैपिटल्स और सनराइजर्स ईस्टर्न केप के मालिक भारतीय हैं और ऐसे में लीग की नजरें स्थानीय पर्यटकों के अलावा भारतीय पर्यटकों पर भी टिकी हैं।

अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए मशहूर केपटाउन और वेस्टर्न केप की पर्यटन, उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने वाली आधिकारिक एजेंसी वेसग्रो ने भी एसए20 की लोकप्रियता को भुनाकर पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना बनाई है।

वेसग्रो की कार्यकारी मुख्य पर्यटन अधिकारी जूलिया लोव ने अपनी योजनाओं को साझा करते हुए बताया, ‘‘हम अभी डेस्टिनेशन मार्केटिंग अभियान में व्यस्त हैं। हम अलग-अलग चीजों के फिल्मांकन के व्यस्त हैं और इसमें क्रिकेट भी एक है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी मार्केटिंग एजेंसी के साथ मिलकर भारत में प्रचार शुरू करने के लिए काम कर रहे हैं। यह बहुत खास है। हम दक्षिण अफ्रीका पर्यटन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’

जूलिया ने बताया कि भारत के लोग पर्यटन स्थल के रूप में दक्षिण अफ्रीका में काफी रुचि दिखा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीयों की ओर से बहुत अधिक दिलचस्पी है। हमारे खेल और संस्कृति में समानता है। समय का भी अधिक अंतर नहीं है। वे सिर्फ तीन या चार घंटे आगे है इसलिए जेट लैग की भी समस्या नहीं है।’’

वेस्ट कोस्ट जिला म्यूनिसिपैलिटी में मीडिया एवं पर्यटन मार्केटिंग प्रमुख हेनरिक रॉबर्टसन का भी मानना है कि पर्यटन के मामले में एसए20 में अपार संभावनाएं हैं।

रॉबर्टसन ने कहा, ‘‘एसए20 की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए हमने इसे भी अपनी पर्यटन योजनाओं में शामिल किया है। सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के साथ यह लीग भी पर्यटकों को लुभाने के लिए हमारी योजनाओं का अहम हिस्सा है।’’

भाषा सुधीर

पंत

पंत