अर्शदीप ने सोशल मीडिया पर भारत के जश्न की झलक दिखाई
अर्शदीप ने सोशल मीडिया पर भारत के जश्न की झलक दिखाई
अहमदाबाद, नौ मार्च (भाषा) भारतीय क्रिकेट टीम के सोशल मीडिया स्टार अर्शदीप सिंह ने टी20 विश्व कप में खिताबी जीत के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर को और मुस्कुराने के लिए चिढ़ाया, संजू सैमसन से पूछा कि क्या उनके साथ आखिरकार न्याय हुआ है और ‘जस्सी भाई’ (जसप्रीत बुमराह) के जादू पर सबने फिर से भरोसा जताया।
प्रशंसकों को अपनी रील्स के जरिए ड्रेसिंग रूम और टीम के अपने साथियों की जिंदगी के मजेदार पहलुओं की झलक दिखाने वाले अर्शदीप ने लगभग 40 सेकेंड की एक क्लिप पोस्ट की जिसमें गंभीर, सैमसन, अभिषेक शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल और कप्तान सूर्यकुमार यादव नजर आ रहे हैं।
इसकी शुरुआत अर्शदीप के पहले से ही मुस्कुरा रहे गंभीर को थोड़ा और हंसने के लिए कहने से होती है।
उन्होंने एक मशहूर बॉलीवुड कॉमेडी फिल्म के डायलॉग बोलते हुए मजाक में कहा, ‘‘पाजी, कदि हस वि लेया करो।’’
इस पर गंभीर ने जवाब दिया, ‘‘सिंह इज किंग।’’
इसके बाद सलामी बल्लेबाज अभिषेक आते हैं जिनसे हल्का-फुल्का सवाल पूछा जाता है कि टूर्नामेंट में उनके साथ क्या हुआ।
इसके बाद कैमरा सैमसन की तरफ जाता है जिन्होंने लगातार तीन अर्धशतक जड़कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
अर्शदीप ने केरल के इस खिलाड़ी से पूछा, ‘‘पाजी, न्याय मिल गया?’’
सैमसन ने खुशी से जवाब दिया, ‘‘हां।’’
इसके बाद इशान थे जिन्होंने रविवार को यहां फाइनल में न्यूजीलैंड पर 96 रन की जीत के दौरान अर्धशतक जड़ा।
अर्शदीप ने कहा, ‘‘एक बिहारी।’’
किशन ने आगे कहा, ‘‘सब पे भारी।’’
टीम के साथियों के बीच ‘बापू’ के नाम से मशहूर स्थानीय खिलाड़ी अक्षर से अर्शदीप ने कहा, ‘‘एक बापू (महात्मा गांधी) ने हमें आजादी दिलाई, एक ने ट्रॉफी।’’
और फिर सिराज का वह बयान आया जिसमें उन्होंने बुमराह के जीनियस होने की बात कही थी और जो मीम्स का हिस्सा बन गया।
अर्शदीप और सिराज ने लगभग एक ही समय पर कहा, ‘‘मुझे सिर्फ जस्सी भाई पर भरोसा है।’’
बुमराह बीच में खड़े होकर उस इंसान का नाम लेने की कोशिश कर रहे थे जिस पर उन्हें विश्वास है लेकिन वह अपनी बात पूरी नहीं कर पाए क्योंकि कैमरा सूर्यकुमार पर आ गया।
कप्तान ने अपना विजयी पदक दिखाते हुए कहा, ‘‘ये क्या कर रहे हैं हम लोग, जैसे कि हम विश्व कप जीत गए हों।’’
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


