जकार्ता, नौ जुलाई (भाषा) एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा जिसमें बृहस्पतिवार को पांचवें दिन छह मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के किए।
टीम की अगुवाई करते हुए चंद्रिका भोरेष पुजारी (51 किग्रा) ने कजाखस्तान की झादिरा काल्टे पर 5-0 से शानदार जीत दर्ज की जबकि जॉयश्री देवी (54 किग्रा) ने कजाखस्तान की मारल टोलेपबर्गेन के खिलाफ इसी अंतर से आसान जीत हासिल की।
प्राची (57 किग्रा) ने उज्बेकिस्तान की रोबिया रवशानोवा पर 5-0 से बेहतरीन जीत के साथ अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखी जबकि चाहत (60 किग्रा) ने कजाखस्तान की झास्मिन अब्राम्यान के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की।
वहीं 48 किग्रा वर्ग में गुंजन ने मंगोलिया की अल्तानजुल अल्तानगाडास को कड़े मुकाबले में 3-0 के विभाजित फैसले से हराया जबकि अंशिका (75 किग्रा) ने कजाखस्तान की अल्तिनगुल आइमुखान पर 4-1 की जीत के साथ भारत के पदक तालिका में एक और पदक जोड़ा।
भारत को दो कड़े मुकाबलों में हार का सामना भी करना पड़ा। वंशिका (65 किग्रा) को उज्बेकिस्तान की रुशानबोनु इसोएवा से पहले राउंड में रेफरी द्वारा मुकाबला रोकने (आरएससी) के कारण हार मिली और लक्षु (70 किग्रा) उज्बेकिस्तान की माफतुना यांगिएवा से 0-5 से हार गईं।
भारत ने अब अंडर-19 महिला प्रतियोगिता में आठ पदक पक्के कर लिए हैं जो देश के युवा मुक्केबाजी कार्यक्रम की गहराई और क्षमता को दिखाता है।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर