नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में 600 रुपये की गिरावट आई और यह 1,66,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इससे अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कमजोर रुख के बीच सोने में चार दिन से जारी तेज़ी का सिलसिला थम गया। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत पिछले सत्र में 1,67,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
हालांकि, अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी में मामूली सुधार हुआ और यह मंगलवार के 2.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के बंद भाव से 500 रुपये बढ़कर 2,50,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई।
निवेश मंच मुड्रेक्स के लीड क्वांट विश्लेषक अक्षत सिद्धांत ने कहा, ‘‘घरेलू बाज़ार में सोने की कीमतों में नरमी आई है क्योंकि कई सप्ताह की जबर्दस्त तेजी के बाद व्यापारियों ने मुनाफावसूली की।’’
उन्होंने कीमती धातु की कीमतों में गिरावट का कारण अमेरिकी व्यक्तिगत उपभोग खर्च (पीसीई) महंगाई रिपोर्ट से पहले डॉलर का मजबूत होना बताया।
वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 39.66 डॉलर यानी लगभग एक प्रतिशत गिरकर 4,619.21 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी मामूली नुकसान के साथ 68.50 डॉलर प्रति औंस रह गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि महंगाई और मौद्रिक नीति को लेकर अमेरिकी फेडरल रिज़र्व के रुख का कोई भी संकेत डॉलर, बॉन्ड प्रतिफल और कीमती धातुओं पर असर डाल सकता है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय