एशियाई युगल स्क्वाश चैंपियनशिप : भारत के अभय और वेलावन की जोड़ी की जीत से शुरूआत

Ads

एशियाई युगल स्क्वाश चैंपियनशिप : भारत के अभय और वेलावन की जोड़ी की जीत से शुरूआत

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 05:51 PM IST

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) भारत के अभय सिंह और वेलावन सेंथिलकुमार की शीर्ष पुरुष जोड़ी ने बृहस्पतिवार को मलेशिया के सारावाक में चल रही तीसरी एशियाई युगल स्क्वाश चैंपियनशिप में दक्षिण कोरिया के ओ सियोजिन और मिनवू ली की जोड़ी पर सीधे सेट में मिली जीत से खिताब बचाने का अभियान शुरू किया।

गत चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने पूल ए में कोरियाई जोड़ी पर 11-7, 11-10 से जीत दर्ज की।

भारत के राहुल बैथा और सूरज चंद ने पूल बी में सिंगापुर के सैमुअल क्यूएक वेई यि और जस्टिन याप पर 11-3 11-3 से शुरूआत की लेकिन जापान के नाओकी हयाशी और रेन माकिनो से 8-11 11-8 6-11 से हार गए।

मिश्रित युगल में वेलावन और जोशना चिनप्पा की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने चीनी ताइपे के कोर्डिला सु और पान होंग रूई को पूल बी में 11-2 11-3 से हराया।

महिला युगल में जोशना और रथिका सीलन की दूसरी वरीय जोड़ी ने छह टीम के पूल बी में अपने सभी तीनों मुकाबले जीत लिए। उन्होंने सिंगापुर की जयना लिम और जसिंथा हान को 11-5 11-5, सुगिमोटो रिसा और एरिसा सानो की जापानी जोड़ी को 11-9 11-8 और हमवतन जानेट विधि और पूजा आरथी को 11-5 11-8 से शिकस्त दी।

जानेट और पूजा की सातवीं वरीय जोड़ी ने दिन के अन्य दो मैच जीते।

भाषा नमिता मोना

मोना