हमेशा लगा कि विजय केवल पर्दे के नायक बनने के लिए नहीं बने : सामंथा रुथ प्रभु

Ads

हमेशा लगा कि विजय केवल पर्दे के नायक बनने के लिए नहीं बने : सामंथा रुथ प्रभु

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 05:47 PM IST

मुंबई, 18 जून (भाषा) अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के सिनेमा से राजनीति में आने के सफर की सराहना करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, व्यक्तित्व और लोगों से जुड़ाव को देखकर हमेशा लगता था कि वह केवल पर्दे के नायक बनने के लिए नहीं बने हैं।

सामंथा ने बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से मुलाकात की और इसकी एक तस्वीर साझा की। अभिनेत्री ने विजय के साथ थेरी, मेरसल और कथथि नामक फिल्मों में काम किया है। 39 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए शहर पहुंचते समय उन्हें बेहद खुशी महसूस हो रही थी।

उन्होंने कहा, “मुझे हमेशा लगता था कि विजय सर केवल पर्दे के हीरो बनने के लिए नहीं बने थे। उनकी ऊर्जा, उनकी मौजूदगी और लोगों की उनसे जुड़ने की शैली हमेशा यह संकेत देती थी कि वे किसी बड़े उद्देश्य के लिए बने हैं।”

सामंथा ने कहा कि उनकी सबसे अधिक प्रेरित करने वाली बात यह है कि विजय ने एक ऐसे क्षेत्र में कदम रखा, जहां चुनौतियां कहीं अधिक बड़ी हैं, जबकि वह पहले ही अपने पेशे में शीर्ष सफलता हासिल कर चुके थे।

उन्होंने कहा, “जिस क्षेत्र में आप महारत हासिल कर चुके हों, उसे छोड़कर एक नई चुनौती स्वीकार करना आसान नहीं होता। लेकिन यदि आप बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं, तो ऐसा कदम उठाया जाता है।”

अभिनेत्री ने कहा कि जीवन में समाज के लिए अधिक योगदान देने का अवसर सभी को मिलता है, लेकिन बहुत कम लोग उस आह्वान का जवाब देते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि विजय अपने समर्थकों की अपेक्षाओं से भी अधिक अच्छा प्रदर्शन करेंगे क्योंकि उनके पास पद से अधिक महत्वपूर्ण सकारात्मक उद्देश्य है।

सामंथा ने विजय को शक्ति, विवेक और साहस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बननी चाहिए।

उन्होंने कहा, “हर युवा के लिए यह संदेश है कि जीवन उस सपने से कहीं बड़ा हो सकता है, जिससे आपने शुरुआत की थी।”

तमिल सिनेमा के प्रमुख सितारों में शामिल विजय ने वर्ष 2024 में अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की स्थापना कर राजनीति में प्रवेश किया था।

हाल में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और विजय ने 10 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

सामंथा इन दिनों अपनी नई फिल्म मा इनती बंगारम के प्रचार में व्यस्त हैं, जो शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

भाषा मनीषा नरेश

नरेश