एशियाड 2018 के ‘बॉल ब्वॉय’ इंडोनेशियाई हॉकी खिलाड़ी रमादान के आदर्श हैं हार्दिक सिंह
एशियाड 2018 के ‘बॉल ब्वॉय’ इंडोनेशियाई हॉकी खिलाड़ी रमादान के आदर्श हैं हार्दिक सिंह
(फिलेम दीपक सिंह)
नागोया, 17 सितंबर (भाषा) भारत के महान खिलाड़ियों सरदार सिंह और रूपिंदर पाल सिंह के साथ 2018 एशियाई खेलों में हॉकी मैचों के दौरान तस्वीरें खिंचवाने वाले ‘बॉल ब्वॉय’ अहदान असासी रमादान अब इंडोनिशिया टीम का हिस्सा हैं और आइची नागोया खेलों में भारत के खिलाफ खेलने का उनका सपना पूरा होने जा रहा है ।
इंडोनेशिया के 27 वर्ष के मिडफील्डर रमादान ने एफआईएच प्रो लीग में भारत के मैच देखे हैं और टीवी पर हॉकी इंडिया लीग भी देखते हैं ।
भारत के स्टार मिडफील्डर हार्दिक सिंह के मुरीद रमादान ने कहा ,‘‘ मेरे और मेरे साथी खिलाड़ियों के लिये भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलना सम्मान की बात है । मैने एफआईएच प्रो लीग में भारत के मैच देखे हैं और मैं टीवी पर हॉकी इंडिया लीग भी देखता हूं ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ मैं जकार्ता एशियाई खेल 2018 में ‘बॉल पिकर’ था । मुझे याद है कि भारत ने इंडोनेशिया को 17 . 0 से हराया था । उस मैच के बाद मैने सरदार सिंह, रूपिंदर पाल सिंह और विवेक सागर प्रसाद के साथ तस्वीर ली थी ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ अब मैं उनके खिलाफ खेलने जा रहा हूं तो बहुत रोमांचित हूं । मुझे काफी कुछ सीखने को मिलेगा । यह सपना सच होने जैसा है ।’’
उन्होंने कहा कि वह इंडोनेशिया के लिये उसी स्तर के खिलाड़ी बनना चाहते हैं जैसा भारत में हरमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह या हार्दिक सिंह हैं ।
उन्होंने कहा ,‘‘ इंडोनेशिया में हॉकी उतनी लोकप्रिय नहीं है लेकिन मैं स्टा खिलाड़ी बनना चाहता हूं । हमारे यहां हरमनप्रीत, मनप्रीत या हार्दिक जैसा कोई स्टार नहीं है ।’’
रमादान ने कहा ,‘‘ मुझे सभी भारतीय खिलाड़ी पसंद हैं लेकिन हार्दिक मेरे रोलमॉडल हैं । वह बहुत चतुर खिलाड़ी हैं और मेरे आदर्श हैं ।’’
भाषा
मोना
मोना

Facebook


