राष्ट्रपति मुर्मू ने एशियाई खेलों में पदक विजेताओं को दी बधाई
राष्ट्रपति मुर्मू ने एशियाई खेलों में पदक विजेताओं को दी बधाई
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एशियाई खेलों के नौवे दिन पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है और वे कइयों को बड़े सपने देखने के लिये प्रेरित करेंगे ।
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट में किरण पहल, एम आर पूवम्मा, प्राची चौधरी और विथ्या रामराज को महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण जीतने पर बधाई दी ।
उन्होंने कहा ,‘‘ इस ऐतिहासिक जीत से भारत को इस स्पर्धा में इन खेलों में पहला स्वर्ण पदक मिला । जीत के बाद राष्ट्रगान सुनकर हर भारतीय गौरवान्वित महसूस कर रहा है । आने वाले कई साल पर इस सुनहरे पल की याद ताजा रहेगी । इससे कई युवा लड़कियों को बड़े सपने देखने की प्रेरणा मिलेगी ।’’
उन्होंने इन खेलों में भारत को पहला व्यक्तिगत स्वर्ण दिलाने वाली निशानेबाज नीरू ढांडा को बधाई देते हुए कहा ,‘‘ आइची नागोया में नीरू ढांडा ने भारत को पहला व्यक्तिगत स्वर्ण दिलाया जिसके बाद तिरंगा लहराते देखकर बहुत गर्व हुआ । आपको महिला ट्रैप में नये एशियाई रिकॉर्ड के साथ इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई । उम्मीद है कि इस स्वर्णिम पल से कई युवा भारतीयों को निशानेबाजी खेल को अपनाने और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी ।’’
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर ढांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर को बधाई देते हुए कहा ,‘‘ आप आगे और ऐसी यादगार उपलब्धियां हासिल करने का लक्ष्य बनाये रखिये ।’’
महिला ऊंची कूद में कांस्य जीतने वाली पूजा सिंह को बधाई देते हुए उन्होंने कहा ,‘‘ आपके प्रभावी प्रदर्शन ने आपके कौशल और प्रतिबद्धता का परिचय दिया । आगे भी आप ऐसी उपलब्धियां हासिल करते रहिये ।’
पुरूषों की चार गुणा 400 मीटर रिले में कांस्य जीतने वाले धरमवीर चौधरी, मनु टी साजी, जय कुमार और विशाल टीके को बधाई देते हुए उन्होंने कहा ,‘‘यह उपलब्धि उत्कृष्टता के लिये प्रयास जारी रखने और देश का नाम रोशन करने के लिये प्रेरित करती रहेगी ।’’
चार गुणा 100 मीटर मिश्रित टीम रिले को बधाई देते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा ,‘‘ गुरिंदरवीर सिंह, स्नेहा सत्यनारायण, अनिमेष कुजूर और हरिता भद्रा को बधाई । आपके मजबूत टीमवर्क और तेज रफ्तार ने देश को गौरवान्वित किया । आप आगे भी युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते रहें ।’’
पुरूषों की 5000 मीटर रेस में कांस्य जीतकर इन खेलों में पदकों की हैट्रिक लगाने वाले गुलवीर सिंह को बधाई देते हुए उन्होंने कहा ,‘‘ तीन अलग अलग स्पर्धाओं में पोडियम पर खड़े होना असाधारण सहनशक्ति, दृढता और निरंतरता का परिचायक है । आपको ऐसी कई उपलब्धियों के लिये शुभकामनायें ।’’
पुरूषों की 90 प्लस किलो मुक्केबाजी में कांस्य जीतने वाले नरेंदर बेरवाल को भी उन्होंने बधाई दी ।
भाषा
मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


