इटानगर, छह अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले के बोलेंग में अक्टूबर 2026 में एशियाई राफ्टिंग चैंपियनशिप आयोजित होगा जिसे राज्य के साहसिक खेलों और वैश्विक पर्यटन की पहचान को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू और पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री ओजिंग तासिंग (बोलेंग के विधायक भी हैं) ने आगामी प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा के लिए खेल प्रशासन से जुड़े प्रमुख अधिकारियों के साथ अलग-अलग उच्चस्तरीय बैठकें कीं। यह प्रतियोगिता पांच से नौ अक्टूबर के बीच आयोजित की जाएगी।
खांडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ यह आयोजन अरुणाचल प्रदेश की मनमोहक नदियों, प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक खेलों की संभावनाओं और स्थानीय आतिथ्य को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर है।’’
पांच दिन तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के शीर्ष राफ्टिंग खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता सिमांग नदी पर आयोजित होगी। यह सियांग नदी की सहायक नदी है और बोलेंग की सियांग घाटी से होकर बहती है।
भाषा आनन्द मोना
मोना