अवस्थी, देशपांडे ने कर्नाटक के खिलाफ मुंबई की वापसी की अगुवाई की

अवस्थी, देशपांडे ने कर्नाटक के खिलाफ मुंबई की वापसी की अगुवाई की

अवस्थी, देशपांडे ने कर्नाटक के खिलाफ मुंबई की वापसी की अगुवाई की
Modified Date: February 7, 2026 / 08:07 pm IST
Published Date: February 7, 2026 8:07 pm IST

मुंबई, सात फरवरी (भाषा) अनुभवी तेज गेंदबाज मोहित अवस्थी और तुषार देशपांडे ने मुंबई की मजबूत वापसी की अगुवाई की जिससे टीम ने शनिवार को यहां रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन कर्नाटक पर दूसरी पारी में 136 रन की बढ़त हासिल कर ली।

पहले दिन महज 120 रन पर ऑल आउट होने वाली मुंबई की टीम ने अवस्थी (27 रन देकर चार विकेट) और देशपांडे (33 रन देकर चार विकेट) की गेंदबाजी की बदौलत शानदार वापसी की।

कर्नाटक ने सुबह दो विकेट पर 110 रन से आगे खेलना शुरू किया। देशपांडे और अवस्थी ने परिस्थितियों का फायदा उठाया जिससे कर्नाटक ने सिर्फ 63 रन पर आठ विकेट गंवा दिए।

उनके आठ बल्लेबाज दोहरे अंक तक पहुंचने में विफल रहे और टीम आखिरकार 173 रन पर ऑल आउट हो गई। इससे उसे पहली पारी में 53 रन की मामूली बढ़त से ही संतोष करना पड़ा। उसके लिए मयंक अग्रवाल ने 134 गेंद में 92 रन बनाए।

फिर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (36) और अखिल हेरवाडकर (33) ने सिर्फ 12.2 ओवर में 77 रन बनाकर बढ़त को खत्म कर दिया।

हालांकि दोनों सलामी बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट हो गए। हेरवाडकर एक गलतफहमी के बाद रन आउट हो गए और जायसवाल अगले ही ओवर में श्रेयस गोपाल की गेंद पर स्टंप आउट हो गए।

आकाश आनंद (नाबाद 53 रन) और मुशीर खान (49) ने फिर 112 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी से पारी को संभाला जिससे मुंबई ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 189 रन था।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में