अजहरुद्दीन ने इमरान खान के साथ निष्पक्ष व्यवहार की अपील में पूर्व कप्तानों का साथ दिया

Ads

अजहरुद्दीन ने इमरान खान के साथ निष्पक्ष व्यवहार की अपील में पूर्व कप्तानों का साथ दिया

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 04:20 PM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 04:20 PM IST

हैदराबाद, 18 फरवरी (भाषा) पूर्व भारतीय कप्तान और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करने में कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों का समर्थन किया जिन्होंने पाकिस्तान की सरकार से क्रिकेटर से राजनेता बने पूर्व पाकिस्तानी कप्तान के साथ ‘‘गरिमापूर्ण’’ व्यवहार करने की अपील की है।

अजहरुद्दीन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें इमरान भाई की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ है।

तेलंगाना के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री अजहरुद्दीन ने कहा, ‘‘क्रिकेट ने हमें कई यादगार पल दिए हैं। एक साथी खिलाड़ी के रूप में, जिसने उनके साथ मंच साझा किया है और उनसे सीखा है, मैं पूरी ईमानदारी से अपील करता हूं कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और उनके परिवार को शक्ति प्रदान करने के लिए दुआ करता हूं।’’

भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव सहित 14 पूर्व कप्तानों ने इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य पर ‘‘गहरी चिंता’’ व्यक्त करते हुए एक पत्र में पाकिस्तान सरकार से विश्व कप 1992 के विजेता कप्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पर्याप्त चिकित्सा सुविधा और सम्मानजनक परिस्थितियों को सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

ऐसी खबरें आई हैं कि रावलपिंडी की अडियाला जेल में कथित चिकित्सा लापरवाही के कारण इमरान खान ने अपनी दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत दृष्टि खो दी है।

पाकिस्तान सरकार को लिखे गए पत्र में जिन पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं उनमें गावस्कर और कपिल के अलावा माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट शामिल हैं।

भाषा

पंत नमिता

नमिता