बसंत मेघवाल ने विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में ऊंची कूद में रजत पदक जीता

Ads

बसंत मेघवाल ने विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में ऊंची कूद में रजत पदक जीता

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 10:26 AM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 10:26 AM IST

यूजीन (अमेरिका), नौ अगस्त (भाषा) बसंत कुमार मेघवाल ने अपना सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन करते हुए विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक जीता और इस प्रतियोगिता में भारत के पदकों की संख्या को दो तक पहुंचा दिया।

राजस्थान के श्री गंगानगर जिले के सीमावर्ती शहर अनूपगढ़ के रहने वाले 19 वर्षीय मेघवाल ने शनिवार को चैंपियनशिप के चौथे दिन 2.21 मीटर की कूद लगाकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और रजत पदक जीता।

अल्जीरिया के यूनेस अयाची ने स्वर्ण पदक, जबकि ग्रेट ब्रिटेन के ओटिस पूल ने कांस्य पदक हासिल किया। तीनों पदक विजेता केवल 2.21 मीटर की ऊंचाई तक कूद लगा सके और 2.24 मीटर की ऊंचाई पार करने में असफल रहे।

ऐसी स्थिति में पिछली ऊंचाई को पार करने के प्रयासों की संख्या के आधार पर स्थानों का निर्धारण किया गया।

अयाची ने अपने पहले प्रयास में ही 2.21 मीटर की ऊंचाई पार कर ली थी, जबकि मेघवाल और पूल ने क्रमशः अपने दूसरे और तीसरे प्रयास में यह ऊंचाई हासिल की।

इससे पहले आशीष यादव ने प्रतियोगिता के तीसरे दिन पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला था।

भाषा

पंत

पंत