अमेठी (उप्र), नौ अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के वरिष्ठ बसपा नेता शशिकांत तिवारी ने अपने ऊपर कथित जानलेवा हमले और वाहन में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाते हुए गौरीगंज थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
बसपा नेता ने इस हमले के लिए गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह पर आशंका जाहिर की है।
गौरीगंज थाने में दी तहरीर में बसपा नेता शशिकांत तिवारी ने कहा है कि शनिवार की शाम गौरीगंज थाना क्षेत्र के जामो मोड़ पर तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से आए और उन पर जानलेवा हमला किया और उनके वाहन में तोड़फोड़ की।
शशिकांत की पत्नी रागिनी तिवारी 2022 के विधानसभा चुनाव में अमेठी विधानसभा सीट से बसपा उम्मीदवार थीं।
शशिकांत का आरोप है कि गौरीगंज के विधायक राकेश प्रताप सिंह ने पिछले दिनों ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसका उन्होंने सोशल मीडिया पर विधायक को जवाब दिया था।
बसपा नेता ने आशंका जतायी है कि यह हमला विधायक राकेश प्रताप सिंह के इशारे पर हुआ है।
सिंह ने इस घटना पर कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस को इस मामले में निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और जो भी दोषी हो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
गौरीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह ने बताया कि बीती रात तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
भाषा सं राजेंद्र रंजन
रंजन