बीसीसीआई एजीएम: अगरकर के भविष्य पर फैसला लेंगे बीसीसीआई पदाधिकारी

बीसीसीआई एजीएम: अगरकर के भविष्य पर फैसला लेंगे बीसीसीआई पदाधिकारी

बीसीसीआई एजीएम: अगरकर के भविष्य पर फैसला लेंगे बीसीसीआई पदाधिकारी
Modified Date: September 18, 2026 / 03:39 pm IST
Published Date: September 18, 2026 3:39 pm IST

…देवार्चित वर्मा….

मुंबई, 18 सितंबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शनिवार को सदस्य इकाइयों ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के कार्यकाल को विस्तार देने या उनके स्थान पर नया अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला बोर्ड के पदाधिकारियों पर छोड़ दिया। अगरकर का कार्यकाल अगले महीने की शुरुआत में समाप्त होने वाला है और ऐसे में उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हैं। बीसीसीआई उनके स्थान पर चयन समिति के नये अध्यक्ष की तलाश कर सकता है। बैठक के बाद बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “चयन समितियों से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया है।” उन्होंने हालांकि अगरकर के कार्यकाल को लेकर स्पष्ट स्थिति नहीं बताई। बीसीसीआई की 95वीं एजीएम में बोर्ड से संबद्ध राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के प्रतिनिधि और भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली तथा कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद भी मौजूद रहे। सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष के भविष्य पर फैसला करने के साथ-साथ बीसीसीआई जूनियर चयन समिति के सभी पांच पदों को भी भरने की प्रक्रिया पर विचार कर रहा है। इस बीच, मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया कि मैचों के आवंटन के दौरान उसे कुछ और प्रमुख मुकाबले दिए जाने पर विचार किया जाए। भाषा आनन्द मोनामोना


लेखक के बारे में